The Lallantop

रियान पराग ने सोशल मीडिया के जरिए ट्रोल्स को क्या जबाव दिया?

राजस्थान के युवा ऑलराउंडर रियान पराग के एटीट्यूड पर खूब कमेंट्स हुए हैं. हालांकि ये सिर्फ फाइनल को लेकर नहीं बल्कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान साथी खिलाड़ियों के साथ उनके बर्ताव को लेकर था.

Advertisement
post-main-image
पराग जमकर हुए थे ट्रोल (PTI)

IPL2022 के फाइनल में राजस्थान की टीम को हार का सामना करना पड़ा. टीम फाइनल मुकाबले में अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर सकी. और गुजरात को बड़ा लक्ष्य देने में असफल रही. खिताबी मुकाबले में टीम की बैटिंग देख ऐसा लगा कि पूरी टीम जॉस बटलर के ऊपर कुछ ज्यादा ही निर्भर रही. और जब बटलर अच्छा नहीं कर पाए तो टीम का हाल बेहाल हो गया.

ऐसे में पूरी टीम के ऊपर सवाल उठे. लेकिन ट्रोल्स के निशाने पर सबसे ज्यादा कोई आया, तो वो हैं राजस्थान के युवा ऑलराउंडर रियान पराग. सबने इस खिलाड़ी के एटीट्यूड पर खूब कमेंट्स किए. हालांकि ये सिर्फ इस मैच को लेकर नहीं बल्कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान साथी खिलाड़ियों के साथ उनके बर्ताव को लेकर था. हर्षल पटेल से लड़ाई, अश्विन को घूरना और देवदत्त पडिक्कल पर चिल्लाना, पराग की इन हरकतों ने खूब चर्चा बटोरी. अब IPL समाप्त हो गया है तो पराग ने भी ट्रोल्स को जवाब दिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
# Parag को फ़र्क नहीं

अपने व्यवहार और प्रदर्शन को लेकर लगातार आलोचना का शिकार रहे पराग का कहना है कि उन्हें इस बात से फ़र्क नहीं पड़ता कि लोग उनके बारे में क्या सोचते हैं. पराग ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर खुद की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा,

‘कभी-कभी आप बस इतना कर सकते हैं कि पीछे मुड़कर देखें और मुस्कुराएं. आप मुस्कुराइए, इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि दुनिया आपके बारे में क्या सोचती है. मुस्कुराइए क्योंकि जब आप हर रात सोते हैं, यह जानते हुए कि आपने अपना 100% दिया है, तो यह आपके लिए हमेशा अच्छा रहेगा.’

Advertisement

पराग ने आगे लिखा,

‘कल (फाइनल वाले दिन) हमारी रात नहीं थी, लेकिन यह निश्चित रूप से कुछ यादगार पलों की शुरुआत है. टीम इस बार खिताब नहीं जीती इसलिए मुस्कुराना मत छोड़ो, हम निश्चित रूप से एक दिन इसे अपने नाम करेंगे. तब तक साथ रहो और हल्ला बोल.''

संगकारा ने किया बचाव

ट्रोल्स ने पराग के प्रदर्शन को लेकर टीम में उनके सेलेक्शन पर भी सवाल खड़े किए थे. हालांकि राजस्थान रॉयल्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और हेड कोच कुमार संगकारा ने रियान पराग का बचाव किया है. संगकारा ने पराग के भविष्य को लेकर कहा,

Advertisement

‘मुझे लगता है कि रियान पराग में काफी क्षमता है और हम उन्हें बैटिंग ऑर्डर में ऊपर भेजने के बारे में सोच सकते हैं. अगले सीजन से पहले हम इस पर काम करेंगे. मैं कोशिश करूंगा कि उसे ऊपर बल्लेबाज़ी करने के लिए भेजूं, ना कि सिर्फ डेथ ओवर्स में हिटिंग के लिए उसका इस्तेमाल हो.’

पराग ने किया निराश

पराग के लिए IPL2022 अच्छा नहीं गया. उन्होंने टीम के लिए सभी 17 मुकाबलों में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने 16.64 की औसत से कुल 183 रन बनाए. जिस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 138.64 का रहा.

IPL 2022 फाइनल के बाद सुपर स्ट्राइकर अवॉर्ड किसे मिला?

Advertisement