सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरकार IPL2021 में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली. चेन्नई में खेले गए IPL2021 के 14वें मैच में SRH ने पंजाब किंग्स को मात दी. पहले बैटिंग करते हुए पंजाब की टीम 120 रन ही बना पाई. जवाब में SRH ने सिर्फ एक विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया. SRH के लिए विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो ने 63 रन की नाबाद पारी खेली. जबकि डेविड वॉर्नर ने 37 रन बनाए. यह पिछले चार मैचों में पंजाब की लगातार तीसरी हार थी. हार से निराश कैप्टन केएल राहुल ने मैच के बाद कहा कि उन्हें लगता है कि पंजाब की टीम ने 10-15 रन कम बनाए. राहुल ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा,
'यहां अडॉप्ट करना मुश्किल था लेकिन पिछले मैच देखने के चलते हमें पता था कि यहां किस बात की उम्मीद करनी है. हमने जल्दी से जल्दी हालात से तालमेल बिठाने की कोशिश की लेकिन हम 10-15 रन पीछे रह गए. कुछ बल्लेबाज सेट हुए लेकिन जरूरत के 30-40 रन नहीं जोड़ सके.'
राहुल ने उम्मीद जताई कि उनकी टीम इस गलती से सीखेगी और जीत दर्ज करेगी. राहुल ने यह भी स्वीकार किया कि इस मैच में उनकी सोच गलत साबित हुई. उन्होंने कहा,
'उम्मीद है कि हम इस गलती से सीखेंगे, कुछ दिनों में हमें एक और मैच खेलना है, उम्मीद है कि हम उसमें जीत दर्ज करेंगे. हमें पता था कि जॉनी और डेविड उनके मुख्य बल्लेबाज हैं, आपको पता है कि वे पूरी ताकत से प्रहार करेंगे. अटैकिंग फील्ड रखना थोड़ा ट्रिकी होता है. उम्मीद कर रहा था कि दोनों में से किसी एक को आउट करने के बाद अटैक करूंगा, ये मेरी सोच थी. अब सोचता हूं कि यह अलग हो सकता था.'
राहुल ने यह भी कहा कि अब उनकी टीम के लिए सारे गेम्स जरूरी हैं. लेकिन वे पहले भी ऐसे हालात से गुजर चुके हैं और इसमें कुछ बुरा नहीं है. राहुल ने कहा,
'यहां से अब हमारे लिए हर मैच जरूरी है और हम हमेशा ही ऐसे हालात में रहे हैं, जहां हमें हर मैच जीतना ही हो. ईमानदारी से कहूं तो यह कोई बुरी जगह नहीं है.'
इस हार के बाद पंजाब अब लीग टेबल में आखिरी नंबर पर है. टीम का अगला मैच शुक्रवार 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ है.