कोलकाता नाइट राइडर्स एक बार फिर हार गई. इस बार उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने मात दी. वानखेडे में खेले गए IPL के 18वें मैच में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग का फैसला किया. उनके बोलर्स ने कमाल की बोलिंग करते हुए KKR को 133 रन ही बनाने दिए. शुभमन गिल की खराब फॉर्म जारी रही. ऑयन मॉर्गन खाता भी नहीं खोल सके जबकि सुनील नरेन को चौथे नंबर पर उतारने का दांव भी नहीं चला. जवाब में RR ने सात गेंदें बाकी रहते ही मैच को छह विकेट से जीत लिया. राजस्थान के कैप्टन संजू सैमसन 42 रन बनाकर नाबाद लौटे. लगातार चौथी हार के बाद KKR के कैप्टन मॉर्गन अपनी टीम की बैटिंग से नाखुश दिखे. उन्होंने कहा,
'बैटिंग ने हमें निराश किया और पूरी पारी के दौरान हमारी बैटिंग में इंटेंट नहीं दिखा. हम पहली गेंद से ही आठ गेंदें पीछे चल रहे थे. हम लगभग 40 रन पीछे रह गए और T20 गेम में यह काफी ज्यादा है. बोलर्स को बहुत मेहनत करने की जरूरत थी. यह पिछले गेम से ठीक उलट प्रदर्शन था.'
मॉर्गन ने अपने टीम की खराब बैटिंग का ठीकरा पिच पर भी फोड़ने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि पिच पिछले मैचों जैसी अच्छी नहीं थी. मॉर्गन ने कहा,
'विकेट पिछले गेम्स जितना अच्छा नहीं था और हम इस चैलेंज से पार नहीं पा सके. इससे हमारे पास करने को काफी कुछ हो गया, और हम वो कर नहीं पाए. दिमाग जितना साफ होता है, चीजें उतनी आसान होती हैं. अंततः एक बंदे को तो फ्री-फ्लो वाली क्रिकेट खेलनी ही पड़ती है. दोनों टीमें टूर्नामेंट में मोमेंटम प्राप्त करने के लिए स्ट्रगल कर रही थीं और हमने दो अहम पॉइंट्स मिस कर दिए.'
लगातार चार मैच हारने के बाद अब KKR की टीम IPL Table में सबसे नीचे है. टीम का अगला मैच सोमवार 26 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ है. पंजाब की टीम अभी पॉइंट्स टेबल में पांचवे नंबर पर है.