आईपीएल 2019. एक ऐसा मैच जिसमें दोनों टीमें अपना खाता खोलने के लिए उतरी थीं. दोनों टीमें पिछले आईपीएल में अपनी बुरी परफॉरमेंस का भार ढो रही थीं. दोनों की बोहनी भी नहीं हुई थी. आरसीबी ने टॉस जीता और पहले बॉलिंग का फ़ैसला लिया. मुंबई ने अच्छी शुरुआत की लेकिन फिर बीच में उसकी गाड़ी पर ब्रेक लगे. अंत में हार्दिक पंड्या संकटमोचन बने और मुंबई को मुसीबत से उबारा. इसी इनिंग्स की बदौलत मुंबई इंडियन्स 187 रन तक पहुंची. जवाब में मुंबई ने टाइट बॉलिंग से शुरुआत की. उसपर मोइन अली को पार्थिव पटेल ने रन आउट करवा दिया. इसके बाद इनिंग्स थोड़ी संभली. कोहली ने अच्छे रन्स बनाए और अंत में मैच फंस गया. आरसीबी को आख़िरी ओवर में जीतने के लिए 17 रन चाहिए थे और बैंगलोर ये बेहद क्लोज़ मैच 6 रनों से हार गई. बैंगलोर की हार और मुंबई की जीत की मुख्य वजहें:
1. बुमराह का आख़िरी ओवर

2 ओवर में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मैच जीतने के लिए 22 रन चाहिए थे. एबी डिविलियर्स अपनी रवानी में थे. 19वां ओवर शुरू होने पर वो 36 गेंदों में 67 रन बना चुके थे. लेकिन बुमराह ने डिविलियर्स की एक भी नहीं चलने दी. इस ओवर में ग्रैंडोम का एक विकेट गिरा और इसके साथ मात्र 5 रन आये. इसी ओवर की वजह से आख़िरी ओवर में बैंगलोर को 17 रन बनाने का टार्गेट मिला जिसमें वो 6 रन से पीछे रह गई.
2. हार्दिक पंड्या

आज हार्दिक पंड्या घर जाकर कह सकते हैं कि 'मैं कर के आएला है.' लेकिन अफ़सोस कि वो टीम होटल जायेंगे. हार्दिक जब आये तो मुंबई इंडियन्स की हालत कुछ गड़बड़ थी. उनका स्कोर था 146 पर 6. 21 गेंदें बची थीं. यहां से हार्दिक पंड्या ने मैदान संभाला. 4 गेंदों में 6 रन बनाने के बाद नवदीप सैनी के एक ओवर में 15 रन निकाले. इसके बाद आख़िरी ओवर में सिराज को दो छक्के मारे. इसने मुंबई इंडियन्स को काफ़ी लिफ्ट किया और मुंबई 180 के पार पहुंची.
3. मुंबई इंडियन्स का टॉप ऑर्डर

अगर आपकी टीम के टॉप 4 बल्लेबाजों का स्कोर हो 23 (20), 48(33), 38(24) और 23(12) तो आप एक ख़ुश कप्तान होंगे. इन सभी के स्ट्राइक रेट भी काफ़ी अच्छे थे. युवराज सिंह ने तो 191 से ज़्यादा का स्ट्राइक रेट रखा था. ऐसे में आने वाले बल्लेबाज़ों के लिए सुभीता रहता है. उनके पास खुल कर खेलने की पूरी आज़ादी होती है. मुंबई इंडियन्स एक वक़्त पर जल्दी-जल्दी विकेट्स खो भी रही थी फिर भी रन-रेट के मामले में वो कहीं भी नीचे आती नहीं दिख रही थी. बाद में हार्दिक ने आकर सारा मौसम संभाल लिया.