The Lallantop

धोनी ने DRS का फ़ैसला भी बता दिया और जडेजा के मज़े भी ले लिए

IPL 2019 का पहला मैच.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
आईपीएल 2019. पहला मैच. वर्ल्ड कप के ठीक पहले. चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच. विजय माल्या विदेश से मैच देख रहे होंगे. शायद सो रहे होंगे. पता नहीं. हम देख रहे थे. लाइव. मैच का 15वां ओवर. पार्थिव पटेल ओपनिंग करने आये थे और आउट नहीं हुए थे. हालांकि उनके सामने 7 बल्लेबाज़ खेल चुके थे. टीम की हालत 63 रैप पर 8 विकेट वाली थी. ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने चौका मारा. अपना पर्सनल स्कोर 24 पर पहुंचाया. अगली गेंद लेंथ पर पड़ी. मिडल स्टंप की लाइन में. गेंद जाकर सीधे पार्थिव पटेल के पैड्स पर लगी. जडेजा अपील में खड़े हो गए. अपनी पिछली 12 गेंदों में जडेजा ने 8 रन दिए थे और 1 विकेट लिया था. अम्पायर ने अपील ठुकरा दी. 'ठुकरा के मेरा प्यार, मेरा इन्तकाम देखेगी...' की तर्ज़ पर जडेजा ने तुरंत ही धोनी की ओर देखा और धोनी ने रिव्यू के लिए इशारा कर दिया. लेकिन इससे पहले कि मामला थर्ड अम्पायर के पास पहुंचता, धोनी की मुस्कान सब कुछ कह गई. वो सर हिलाते हुए जडेजा के पास पहुंचे. उन्हें साफ़ मालूम था कि बैट्समैन आउट नहीं है. लेकिन चूंकि 8 विकेट गिर चुके थे और ज़्यादा पोटाश रह नहीं गया था इसलिए धोनी ने मामला रेफ़र कर दिया. क्या पता अंधेरे में छोड़ा तीर तुक्के पर लग जाये. लेकिन पिछली कितनी ही बार की तरह धोनी एकदम सही साबित हुए. थर्ड अम्पायर ने जब टीवी रीप्ले पर देखा तो मालूम चला कि गेंद लेग स्टंप्स को मिस करती हुई जा रही थी. चेन्नई का रिव्यू फालतू चला गया. हालांकि उन्हें इसका कोई बहुत बड़ा नुकसान नहीं हुआ. चेन्नई ने बैंगलोर को 70 रन पर ऑल आउट कर दिया. हरभजन सिंह ने शानदार बॉलिंग करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट लिए. उन्होंने बैंगलोर के टॉप ऑर्डर में सेंध मार दी थी. इमरान ताहिर ने भी घातक बॉलिंग की और 4 ओवर में मात्र 9 रन देकर 3 विकेट्स लिए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement