साल 2023 में भारत ने जीत के साथ आगाज़ किया है. श्रीलंका के खिलाफ़ 10 जनवरी को गुवाहाटी में खेले गए पहले वनडे को टीम इंडिया ने 67 रन से जीता. इस जीत के बाद भारत तीन मैच की सीरीज़ में 1-0 से आगे है. सीरीज़ का दूसरा वनडे 12 जनवरी गुरुवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. इस मुकाबले में भारत जीता तो सीरीज़ हमारे नाम होगी. वहीं श्रीलंका जीता तो फिर सीरीज़ 1-1 की बराबरी पर आ जाएगी.
पहले वनडे वाले नहीं, ये 11 खेले तो दूसरे मैच में ही सीरीज़ जीत जाएंगे!
शुभमन को बाहर करने की ज़रूरत नहीं, ईशान ऐसे ही आ जाएंगे!


पहले वनडे की बात से शुरुआत करें तो उस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले खिलाया था. टीम इंडिया ने भी विराट कोहली के 113 रन की मदद से स्कोरबोर्ड पर 373 रन लगा दिए. इस स्कोर के जवाब में पड़ोसी टीम 50 ओवर में 306 रन ही बना सकी. उनके लिए कप्तान दसुन शनाका ने शानदार शतक लगाया.
दूसरे वनडे से पहले भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन को लेकर बहुत सारी चर्चा है. वजह है प्लेइंग इलेवन में क्या फैन्स के फेवरेट खिलाड़ियों को मौका मिलेगा. या उन्हें टीम से बाहर रखा जाएगा. आइये बताते हैं भारत दूसरे वनडे में कैसी प्लेइंग इलेवन लेकर उतरे कि दूसरे मैच में ही सीरीज़ अपनी हो जाए.
पहले वनडे में टीम इंडिया रोहित शर्मा और शुभमन गिल के साथ खेलने उतरी. शुभमन और रोहित दोनों ने अर्धशतक बनाए और टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 19.4 ओवर में 143 रन जोड़े. इसलिए इस ओपनिंग में शायद कोई भी बदलाव ना दिखे. अब आप सोच रहे होंगे यही तो एक बदलाव होना था. यानी ईशान किशन को तो टीम में लाना चाहिए. अभी रुकिए ज़रा.
मिडल ऑर्डर:विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन. हमारी नज़र में इन तीन खिलाड़ियों को इस टीम के मिडल ऑर्डर में होना चाहिए. विराट कोहली इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में हैं. पिछले मैच में उन्होंने जो पारी खेली. उसके बाद उन्हें टीम से बाहर नहीं रखा जा सकता. श्रेयस अय्यर, वनडे क्रिकेट के मौजूदा समय के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ हैं. बांग्लादेश के खिलाफ़ टेस्ट और वनडे दोनों में कमाल का खेल दिखाया. वहीं ईशान किशन. उन्हें टीम में बतौर विकेटकीपर मिडल ऑर्डर में केएल राहुल की जगह खेलना चाहिए. राहुल की फॉर्म उतनी अच्छी नहीं है, और ना ही वो किशन की तरह फुल टाइम विकेटकीपर हैं. ऐसे में ईशान के पिछले वनडे के 210 रन की पारी को देखते हुए उन्हें कम से कम टीम में तो रखना ही चाहिए. वैसे भी राहुल ने पहले वनडे में सिर्फ 39 रन बनाए थे.
ऑल-राउंडर्स:हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल. दोनों ही क्रिकेटर्स ने बेहतरीन क्रिकेट खेली है. हार्दिक तो भारतीय वनडे टीम के उप-कप्तान हैं. वहीं अक्षर लगातार खुद को प्रूव कर रहे हैं. पहले वनडे में हार्दिक और अक्षर ने खास प्रदर्शन नहीं किया. लेकिन न्यूज़ीलैंड हो या श्रीलंका T20 हार्दिक छाए रहे. वहीं अक्षर ने तो बांग्लादेश के खिलाफ़ और श्रीलंका के खिलाफ़ कमाल की क्रिकेट खेली है.
उमरान मिलक, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और युजवेन्द्र चहल. इन सभी गेंदबाज़ों ने पहले वनडे में बहुत बड़ी गलती नहीं की. उमरान हर नए मैच में और बेहतर होते जा रहे हैं. श्रीलंका के खिलाफ़ पहले वनडे में उन्होंने तीन विकेट चटकाए. वहीं सिराज की बात करें तो उन्होंने भी लगातार खुद के प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है. श्रीलंका के खिलाफ़ गुवाहाटी में उन्होंने भी 2 विकेट अपने नाम किए. शमी पहले वनडे में थोड़े महंगे साबित हुए लेकिन एक विकेट चटकाना और उनका अनुभव टीम के लिए अभी ज़रूरी है.
ऐसे में अगर भारत टीम में सिर्फ एक बड़ा बदलाव कर के उतरता है तो शायद टीम इंडिया दूसरे वनडे में ही सीरीज़ जीत का काम पूरा कर ले.
पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी में मार-मार भूसा भरा, रन बनाने के बाद सेलेक्टर्स को बड़ा मैसेज दिया!




















