जब ऋषभ पंत की वजह से पूरे ओवर के लिए टीवी पर कॉमेंट्री रोक दी गई
ऐसा शायद कभी भी नहीं हुआ होगा.
Advertisement

फोटो - thelallantop
इंडिया वर्सेज़ ऑस्ट्रेलिया. एडिलेड टेस्ट इंडिया ने 31 रनों से जीत लिया. चेतेश्वर पुजारा को मैन ऑफ़ द मैच मिला. उन्होंने पहली इनिंग्स में सेंचुरी मारी, जिसकी बदौलत इंडिया 200 पार पहुंच कर 250 तक जा पाई. दूसरी इनिंग्स में उन्होंने हाफ़ सेंचुरी मारी. इस इनिंग्स में राहुल द्रविड़ की एडिलेड में ही खेली गई इनिंग्स की झलक दिखाई दे रही थी, जिसने अकेले ही इंडिया को टेस्ट मैच जितवा दिया था. खैर, इन सभी बातों के बीच विकेट्स के पीछे एक अलग ही कहानी चल रही थी. ये कहानी ऑस्ट्रेलिया को उसी की दवा का स्वाद दे रही थी. (अंग्रेज़ी कहावत a taste of their own medicine का मुझपर उधार रहेगा) ऑस्ट्रेलिया के प्लेयर्स हर दौर में बल्ले और बॉल से ही नहीं, ज़ुबान से भी कड़ा क्रिकेट खेलते आये हैं. इस बात के लिए वो काफ़ी बदनाम भी रहे हैं. कई किस्से हैं, जो क्रिकेट की लगभग हर किताब में ऑस्ट्रेलिया का ज़िक्र आते ही मिल जाएंगे. टीम इंडिया के इस नए संस्करण ने उन्हें ये वापस देने का दौर शुरू किया है. इस मैच में ऋषभ पंत का ख़ास ज़िक्र होगा क्यूंकि एक वक़्त पर उनकी बकलोली के चलते टीवी कॉमेंटेटर्स ने बोलना बंद कर दिया. विकेट्स के पीछे ऋषभ पंत लगातार बोलते जा रहे थे. बैटिंग करने के लिए पैट कमिंस खड़े हुए थे और पंत लगातार उनके कान में शोर किये जा रहे थे. सनद रहे कि ये दोनों ही खिलाड़ी आईपीएल में दिल्ली के लिए खेलते हैं. (दिल्ली की आईपीएल टीम का नाम डेल्ही डेयरडेविल्स से बदलकर डेल्ही कैपिटल्स कर दिया गया है. 'कैपिटल्स' क्यूं इस्तेमाल किया गया है, इस बात पर काफ़ी विमर्श चल रहा है.) टीवी इतिहास में ऐसा बहुत ही कम होता है जब कॉमेंट्री बॉक्स में बैठे भद्रजनों को चुप कराया जा सके. वो अपना ज्ञान बघारते हैं और उन्हें इसी के पैसे मिलते हैं. लेकिन फ़ॉक्स नेटवर्क के कॉमेंटेटर्स ने ऋषभ पंत के आगे घुटने टेक दिए. पहले तो उन्हें खूब मज़ा आ रहा था (लखनऊ/कानपुर वालों के लिए - मज़ा आ रही थी) लेकिन बाद में उन्होंने ये डिसाइड किया कि पंत जब भी स्टंप्स के पास कीपिंग करेंगे तो वो खुद बोलना बंद कर देंगे और ऋषभ को ही बोलने देंगे. अश्विन के ओवर में ये मौका आया और फ़ॉक्स ने टिकर चला कर दर्शकों को बताया कि वो नहीं बोलेंगे और सभी को ऋषभ पंत को ही सुनना चाहिए.
Add Lallantop as a Trusted Source

Advertisement
Advertisement
Advertisement


















