The Lallantop

जब से IPL खेल रहे हैं, भारत T20 वर्ल्डकप नहीं जीता!

वसीम अकरम की बात में दम तो है.

Advertisement
post-main-image
वसीम अकरम और रोहित शर्मा (File photo)

T20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत की हार के बाद से सोशल मीडिया पर ढेर सारी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. इंग्लैंड ने इंडिया को 10 विकेट से एकतरफा हराया. इसके बाद से ही पाकिस्तानी क्रिकेट फैन्स लगातार टीम इंडिया को ट्रोल कर रहे हैं. अब इस लिस्ट में पूर्व पाकिस्तानी पेसर वसीम अकरम का नाम भी जुड़ गया है. अकरम ने इंडियन टीम के सीधे तौर पर तो नहीं. लेकिन IPL का सहारा लेते हुए टीम इंडिया के मज़े लिए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया और इंग्लैंड मैच के बाद ए स्पोर्ट्स पर बात करते हुए अकरम ने कहा -

‘हर कोई सोच रहा था कि IPL के आने के बाद टीम इंडिया और बाकी टीम्स में बहुत फर्क आ जाएगा. IPL 2008 में शुरू हुआ था. इंडिया ने उससे पहले ही 2007 में T20 वर्ल्ड कप जीत लिया था. जबसे IPL शुरू हुआ है, इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप नहीं जीता है. उन्होंने 2011 में एक वर्ल्ड कप ज़रूर जीता था. लेकिन वो 50 ओवर का था.’

Advertisement

इस बातचीत में पूर्व पाकिस्तानी कैप्टन शोएब मलिक भी शामिल थे. मलिक ने अकरम की बात का जवाब देते हुए कहा -

‘IPL युवा प्लेयर्स के लिए अनुभव और एक्सपोज़र बटोरने के लिए अच्छा है. लेकिन दूसरी कंडीशन्स में खेलने से ही असली फर्क आता है. अगर आप ओवरसीज़ प्लेयर होकर किसी दूसरे देश खेलने जाते हो, तो वो आप पर ज्यादा ज़िम्मेदारी डालते हैं. आप ओवरसीज़ प्लेयर होते हैं तो आप सोचते हैं कि मुझे अच्छा प्रदर्शन करना होगा. दूसरी बात. आप वर्ल्ड क्लास प्लेयर्स के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करते हैं और उनसे बहुत कुछ सीखते हैं. इससे भी बहुत फर्क पड़ता है.’

पाकिस्तान के पूर्व पेसर वकार यूनुस ने भी इस मसले पर अपनी राय दी है. वकार ने कहा -

Advertisement

'जब परिस्थिति मुश्किल होती है, तब प्रेशर भी हाई होता है. मुझे लगता है IPL एक मेगाइवेंट है. बहुत बड़े लोग इसका हिस्सा हैं. जब आप IPL खेलने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने जाते हैं, तब आपको प्रेशर महसूस होता है. आप जब नॉकआउट मैच खेलते हैं, तब प्रेशर महसूस होता है. ये आज दिखा, ये तब भी दिखा था जब इंडिया, पाकिस्तान के खिलाफ यूएई में खेली थी, और एशिया कप में भी देखने को मिला था. 

उन्होंने प्रेशर लिया और खुल कर नहीं खेल सके. जिस आज़ादी से वो IPL में खेलते हैं, वो यहां देखने को नहीं मिला. विराट, रोहित, राहुल, सबके नाम सेंचुरी है, लेकिन आज ऐसा लगा कि वो लोग दबे हुए थे.'

सिर्फ पाकिस्तानी क्रिकेटर्स ही नहीं, कई इंडियन फ़ैन्स ने भी इस हार के बाद ट्विटर पर #BoycottIPL ट्रेंड करवाया था. लोगों का कहना है कि IPL की वजह से इंडिया के अहम प्लेयर्स, जैसे जसप्रीत बुमराह और रविन्द्र जडेजा को ज्यादा इंजरी हो रही है. इसलिए इंडियन प्लेयर्स को IPL के दौरान रेस्ट दिया जाना चाहिए. हालांकि इसपर फाइनल कॉल BCCI ही लेगा.

अब मैच में क्या हुआ, इसका रिकैप. भारत ने मैच की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं की. केएल राहुल जल्दी आउट हो गए. पावरप्ले में हम तेज़ रफ्तार से नहीं खेल पाए. इसके बाद रोहित धीमी पारी खेल आउट हो गए, सूर्या भी बड़ा योगदान नहीं दे सके. आखिर में हार्दिक ने एक तूफानी पारी खेल भारत को सम्मानजनक स्कोर दिया.

इस लक्ष्य के जवाब में भारतीय गेंदबाज़ नहीं चल सके. और वो एक भी अंग्रेज़ बल्लेबाज़ को आउट नहीं कर पाए. इंग्लैंड ने जॉस बटलर और एलेक्स हेल्स के अर्धशतकों की मदद से इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया. अब इंग्लैंड का सामना फाइनल में 13 नवंबर को पाकिस्तान से होना है. 

गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने इंडियन क्रिकेट टीम पर क्या कहा?

Advertisement