खेल की दुनिया में इन दिनों मेंटल हेल्थ को लेकर काफी चर्चा हो रही है. खिलाड़ी इसे लेकर खुलकर स्टैंड भी ले रहे हैं. इस बीच ऑस्ट्रेलिया में कुछ ऐसा हुआ, जो शायद ही पहले कभी हुआ हो. देश के एक फुटबॉल क्लब पर लाखों का जुर्माना लगाया गया है. ऐसा इसलिए, क्योंकि इस क्लब ने अपने खिलाड़ी की मेंटल हेल्थ को नजरअंदाज किया. इस फैसले को काफी सराहा भी जा रहा है.
प्लेयर की मेंटल हेल्थ नकारी, फुटबॉल क्लब पर लगा लाखों का जुर्माना
ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल क्लब कार्लटन मेंटल हेल्थ को लेकर चर्चा में आया है. मैदान पर खिलाड़ी की मेंटल हेल्थ को लेकर लापरवाही बरतने के लिए क्लब पर 75,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 51 लाख रुपए) का जुर्माना लगाया गया है.


ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल क्लब कार्लटन मेंटल हेल्थ को लेकर चर्चा में आया है. एपी की रिपोर्ट के मुताबिक मैदान पर खिलाड़ी की मेंटल हेल्थ को लेकर लापरवाही बरतने के लिए क्लब पर 75,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 51 लाख रुपए) का जुर्माना लगाया गया है.
16 अप्रैल को कार्लटन क्लब का सामना कोलिंगवुड से था. यह मैच ऑस्ट्रेलिया फुटबॉल लीग का हिस्सा था. मैच में कार्लटन की ओर से एलिजा हॉलैंड्स भी मैदान पर उतरे. पर वह मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं थे. मैच के फुटेज से भी यह साफ हो गया था. इसी कारण फैंस और अन्य लोगों ने उनकी स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की.
फुटेज में हॉलैंड्स कन्फ्यूज नजर आ रहे थे. वह ठीक तरह चल नहीं पा रहे थे. यही नहीं वह वार्म-अप के दौरान भी एबनॉर्मल हरकतें कर रहे थे. वह गेंद पर सही तरह से किक भी नहीं मार पा रहे थे. उनका एक शॉट तो केवल कुछ मीटर तक ही गया. इसी के बाद उन्हें लेकर फैंस ने सोशल मीडिया पर चिंता व्यक्त की.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी खिलाड़ियों का स्वागत होगा, भारत की स्पोर्ट्स पॉलिसी तय
इस मैच के पांच दिन बाद 24 वर्षीय हॉलैंड्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया. एलिजा हॉलैंड्स के पिता और पूर्व AFL खिलाड़ी बेन हॉलैंड्स ने सोशल मीडिया पर अपने बेटे की मदद करने का आग्रह किया. उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि अगर उनके दोस्त मुश्किल में हैं तो उनका हालचाल पूछें.
ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल लीग के प्रमुख एंड्रयू डिलन ने मंगलवार को कहा,
हॉलैंड्स के मेडिकल रिकॉर्ड के अलावा खेल के दौरान यह स्पष्ट रूप से पता चल रहा था कि वह खेलने की स्थिति में नहीं हैं. इसलिए उन्हें मैच से हटा दिया जाना चाहिए था. इस घटना ने हमारे खेल से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बात को उजागर किया है. हमारे शारीरिक चोट संबंधी नियम कड़े और अच्छी तरह से समझे जाते हैं, लेकिन मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं अलग और जटिल हो सकती हैं.
डिलन ने कहा कि हॉलैंड्स को मैच में नहीं होना चाहिए था, इससे खेल की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है. उन्होंने यह भी कहा कि आरोप किसी व्यक्ति विशेष के नहीं बल्कि क्लब के खिलाफ हैं.
वीडियो: रोहित शर्मा लौटे, मुंबई जीती, LSG के छक्के छुड़ा दिए


















