The Lallantop

इंडिया-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट वॉर के बीच क्या बोले क्रिस गेल?

रहाणे का ज़िक्र करते हुए SCG पर कही ये बात.

Advertisement
post-main-image
क्रिस गेल और टीम इंडिया. फोटो: AP
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली जा रही है. सीरीज़ का तीसरा टेस्ट 7 जनवरी से SCG यानी सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाना है. भारत ने एडिलेड ओवल में आठ विकेट से हार के साथ सीरीज़ की खराब शुरुआत की थी. हालांकि, दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया ने शानदार वापसी की. इस जीत के साथ भारत सीरीज़ में 1-1 की बराबरी पर आ गया. टीम इंडिया की इस वापसी से वेस्टइंडीज़ के स्टार क्रिस गेल भी प्रभावित हैं. क्रिस गेल ने हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में टीम इंडिया के कप्तान अजिंक्य रहाणे को बधाई दी. साथ ही सिडनी टेस्ट के रोमांचक होने की बात भी की. क्रिस गेल ने की अजिंक्य रहाणे की तारीफ: क्रिस गेल ने भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे को बधाई दी. गेल ने कहा,
''मैं सच कहूं तो मैंने पूरा मैच नहीं देखा. पिछले मैच (एडिलेड टेस्ट) की बात करूं तो टीम इंडिया दूसरी पारी में 36 रन ही बना सकी. इसके बाद उसके खिलाड़ियों के बारे में काफी कुछ कहा गया था. टीम के खिलाड़ियों को काफी ज़्यादा दबाव झेलना पड़ा, इसके बाद बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में इतनी शानदार जीत. भारत ने सच में एक बेहतरीन प्रदर्शन किया. वह शाबाशी की हकदार है.''
उन्होंने दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम के शानदार खेल की तारीफ में आगे कहा,
''ऐसे प्रदर्शन के लिए आपको काफी दम दिखाना होता है, खासतौर से जब पहले टेस्ट में आप इतनी बुरी तरह हार जाएं. अजिंक्य रहाणे ने कमाल किया. टीम इंडिया और रहाणे को बहुत बधाई. तीसरा टेस्ट सच में देखने लायक रहेगा. दोनों ही टीमों के खिलाड़ी दम दिखाना चाहेंगे.''
सीरीज़ में भारत के 1-1 की बराबरी के बाद ऑस्ट्रेलिया की तरफ से लगातार अटैकिंग रणनीति अपनाई जा रही है. तीसरा टेस्ट शुरू होने से पहले ही ऑस्ट्रेलियाई मीडिया और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स भारत को लेकर कमेंट्स कर रहे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement