The Lallantop

केएल राहुल के मुद्दे पर सौरव गांगुली ने ठीक बात बोली है

इंडिया में रन नहीं बनाओगे तो...

Advertisement
post-main-image
केएल राहुल की फॉर्म भयानक चर्चा का विषय है (पीटीआई)

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ इंडियन क्रिकेट टीम 2-0 से आगे है. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी में अभी तक सबकुछ टीम इंडिया के फेवर में गया है. सिर्फ केएल राहुल की फॉर्म को छोड़कर. लगातार अच्छा कर रही भारतीय टीम के ओपनर राहुल पर बहुत बातें हो रही हैं. रिपोर्ट्स का यहां तक दावा है कि राहुल इंदौर में होने वाले तीसरे टेस्ट में नहीं खेलेंगे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

और अब इस चर्चा में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी शामिल हो गए हैं. राहुल पिछली 10 इनिंग्स में सिर्फ़ तीन बार 20 रन के पार जा पाए हैं. 47 टेस्ट मैच के बाद राहुल का टेस्ट ऐवरेज 34 का भी नहीं है. अभी चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी में वह कुल 38 रन ही बना पाए हैं. राहुल की इसी फॉर्म को देखते हुए BCCI ने उनसे वाइस-कैप्टेंसी भी छीन ली है.

इस मसले पर PTI से बात करते हुए गांगुली ने कहा कि अगर कोई बैटर इंडिया में रन नहीं बना पाएगा, तो उसे मुश्किल तो होगी ही. गांगुली ने कहा,

Advertisement

'आप इंडिया में स्कोर नहीं करेंगे, तो जाहिर तौर पर आपकी कड़ी आलोचना होगी. केएल राहुल इकलौते नहीं हैं. पहले भी प्लेयर्स के साथ ऐसा हो चुका है.'

बता दें कि भले ही राहुल टीम के वाइस-कैप्टन थे, लेकिन लोगों को उनके सेलेक्शन से लगातार समस्या थी. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ चल रही सीरीज़ के पहले दोनों टेस्ट में उनके सेलेक्शन पर खूब बवाल मचा था. हालांकि गांगुली का मानना है कि राहुल के पिछले प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें सपोर्ट मिलना ही था. उन्होंने कहा,

'प्लेयर्स पर बहुत प्रेशर होता है. टीम मैनेजमेंट को लगता है कि वह टीम के लिए जरूरी प्लेयर हैं. अंततः कोच और कप्तान जो सोचते हैं वही जरूरी है. उन्होंने परफॉर्म किया है लेकिन निश्चित तौर पर आप भारत के लिए खेल रहे टॉप ऑर्डर बैटर से और उम्मीद रखते हैं. क्योंकि बाकी बंदों ने बहुत हाई स्टैंडर्ड सेट कर रखा है. जब आप कुछ वक्त तक फेल होते हैं, जाहिर तौर पर आलोचना होगी. मुझे यकीन है कि राहुल के पास क्षमता है. और मुझे भरोसा है कि जब उन्हें और मौके मिलेंगे, उन्हें स्कोर करने के तरीके खोजने होंगे.'

Advertisement

गांगुली ने यह भी कहा कि भले ही बाहर लोग कुछ भी बात कर रहे हों. शुभमन गिल को शायद अभी और इंतजार करना होगा, क्योंकि भारत को अभी भी राहुल पर भरोसा है.

वीडियो: जसप्रीत बुमराह की वापसी कितनी टल गई?

Advertisement