भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूज़ीलैंड को छह विकेट से हरा दिया. टीम इंडिया तीन मैच की सीरीज़ में 1-0 से पीछे थी. लखनऊ में खेले गए दूसरे मैच में भारत ने रोमांचक जीत दर्ज की. इकाना स्टेडियम के टर्निंग ट्रैक पर न्यूज़ीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 99 रन बनाए थे.
वॉशिंगटन सुंदर ने खुद बताई रनआउट होने की वजह!
सूर्या ने आउट कराया?


जवाब में भारत ने चार विकेट खोकर जीत के लिए जरूरी रन बना लिए. भारत ने 19.5 ओवर्स में जीत हासिल की. भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए. उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया. इस मैच में स्पिनर्स का जलवा देखने को मिला. साथ ही कई प्लेयर रनआउट भी हुए. इस मैच में ईशान किशन के अलावा बेहतरीन फॉर्म में चल रहे वॉशिंगटन सुंदर भी रनआउट हुए. सुंदर ने सूर्यकुमार यादव को बचाने के चक्कर में अपना विकेट गंवाया.
# Sundar Runoutदरअसल ग्लेन फिलिप्स की गेंद को सूर्या ने रिवर्स-स्वीप करना चाहा. गेंद बल्ले और पैड से लगकर पॉइंट की ओर लुढ़की. और इसी बीच न्यूज़ीलैंड ने LBW की अपील शुरू कर दी. और दूसरी ओर सूर्या तुरंत ही भाग चले. वह सिंगल लेना चाहते थे. लेकिन सुंदर इसके लिए तैयार नहीं थे.
उन्होंने तुरंत ही सूर्या को मना किया. लेकिन सूर्या ने सुंदर की एक ना सुनी और लगातार भागते ही रहे. और हालात ऐसे बने कि सुंदर के सामने खुद की क़ुर्बानी देने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा. उन्होंने सूर्या को बचाने के लिए खुद रनआउट होना चुना. मैच के दौरान हुई इस घटना ने खूब चर्चा बटोरी. आलम ये था कि मैच के बाद सुंदर से इस बारे में पूछा भी गया. इस सवाल पर सुंदर ने कहा,
'सूर्या का अंत तक रहना बहुत महत्वपूर्ण था. इसीलिए मैंने अपना विकेट क़ुर्बान किया.'
सुंदर ने इस रोमांचक मैच की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा,
'सभी लोग रोमांचित थे. मुझे यकीन है कि सभी लोग रोमांचित रहे होंगे. यह बहुत कमाल का मैच था. 10-11 में दो-तीन मैच ऐसे हो जाएं, तो कमाल होगा.'
तीन मैच की सीरीज़ अब 1-1 से बराबर है. सीरीज़ का अगला मैच 1 फरवरी को अहमदाबाद में खेल जाएगा.
वीडियो: विराट और रोहित को लेकर पाकिस्तानी क्रिकेटर ने राहुल द्रविड़ को सलाह दी है!




















