The Lallantop

रोहित ने बताया, कैसे करती है उनकी टीम इतना बढ़िया प्रदर्शन?

एशिया कप में इंडिया का सामना पाकिस्तान से होगा.

Advertisement
post-main-image
रोहित शर्मा (फाइल फोटो)

इंडियन टीम के कैप्टन रोहित शर्मा ने एशिया कप 2022 से पहले अपनी टीम की तैयारियों पर बातचीत की है. रोहित ने अपनी कप्तानी पर भी कई जवाब दिए हैं. रोहित को इसी साल इंडियन टीम का कैप्टन बनाया गया था. रोहित ने बताया कि वो प्लेयर्स को उनका रोल अच्छे से समझाते हैं. जिससे प्लेयर्स अपने गेम को बेहतर कर पाते हैं. रोहित ने कहा कि बतौर कप्तान ये समझना उनका काम है कि बुरे दौर से गुजरते हुए किसी प्लेयर को किस चीज़ की जरूरत है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक रोहित शर्मा टीम इंडिया और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए कई चीज़ें कर रहे हैं. PTI से बातचीत में रोहित ने कहा,

‘मेरे लिए ये बहुत ज़रूरी है कि मैं प्लेयर्स को जल्दी समझूं और जान पाउं उन्हें क्या चाहिए. मैं उनकी स्ट्रेन्थ और कमजोरियां भी समझने की कोशिश करता हूं. मैं कोशिश करता हूं कि उन्हें फीडबैक दूं और उनके साथ काम करूं. मैं उन्हें समझाने की कोशिश करता हूं कि टीम उनसे क्या उम्मीद करती है.’

Advertisement

रोहित ने इसी बातचीत में आगे कहा -

‘ऐसा करने से प्लेयर्स अच्छा परफॉर्म कर पाते हैं. जब आप उनको उनका रोल समझा देते हैं, तो वो सही रास्ते पर काम करने लगते हैं और इससे उनका गेम भी बेहतर होता है.’

रोहित ने मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए पांच इंडियन प्रीमियर लीग टाइटल्स जीते हैं. विराट कोहली के बाद उन्हें हर फार्मेट में इंडियन टीम का कैप्टन बनाया गया. रोहित आगे कहते हैं -

Advertisement

‘जब हम देखते हैं कि कोई प्लेयर खराब दौर से गुज़र रहा है, हम उन्हें समझाने की कोशिश करते हैं कि समस्या क्या है. हम उन्हें ये भी समझाते हैं कि हम उनसे क्या उम्मीद रखते हैं और टीम में उनका रोल क्या है. मैं क्रिकेट खेलते वक्त किसी एक मंत्र के साथ नहीं उतरता हूं. मैं ये सारी बातें अपने जहन में रखता हूं.’

रोहित ने आगे कहा कि एक शांत माहौल भी टीम के लिए बेहद ज़रूरी है. उन्होंने कहा,

'बतौर कैप्टन, मैं चाहता हूं कि हम ऐसा माहौल बनाए कि किसी प्लेयर को ऐसा न लगे की बहुत प्रेशर है. हम ऐसा माहौल बनाने की कोशिश करते हैं कि सब लोग आएं एक दूसरे के साथ क्रिकेट एन्जॉय करें. मुझे लगता है कि हमें प्रेशर को ज्यादा नहीं बढ़ने देना चाहिए. जब आप खेलते हैं, तब आप पर प्रेशर रहता ही है. आप बॉलिंग करते हैं, तब भी. आप बैटिंग करते हैं, तब भी. 

इससे आपको खुद ही निपटना पड़ता है. न कैप्टन, न कोच - इसमें कोई आपकी मदद नहीं कर सकता. मुझे लगता है कि ऐसे वक्त की जिम्मेदारी प्लेयर्स पर खुद होती है. इसके अलावा भी कई चीज़ें अहम होती हैं, और मुझे ये लगता है कि मुझे उनका ख्याल रखना चाहिए.'

भारतीय टीम इस समय ज़िम्बाबवे में वनडे सीरीज़ खेल रही है. लेकिन रोहित और टीम के कई अन्य सीनियर प्लेयर्स को ज़िम्बाब्वे वनडे दौरे से रेस्ट दिया गया है. इसके बाद टीम इंडिया एशिया कप खेलने UAE जाएगी. जहां रोहित, विराट जैसे सीनियर्स की टीम में वापसी होगी. इंडिया का पहला मैच पाकिस्तान से 28 अगस्त को होना जाना है. 

सौरव गांगुली ने बताया, क्यों बदले जा रहे हैं टीम इंडिया के कप्तान

Advertisement