The Lallantop

'मेरा करियर खतरे में था, बुमराह भईया ने... ', IPL 2025 में सबको चौंकाने वाले गेंदबाज की कहानी

Jasprit Bumrah ने Mayank Yadav को वापसी के लिए बहुत मदद की. बताया कि कैसे बुमराह उनसे लगातार मैसेज और कॉल के जरिए जुड़े रहे.

Advertisement
post-main-image
रिकवरी के दौरान मयंक नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में थे (फोटो- PTI/BCCI)

लखनऊ सुपर जायंट्स के पेसर मयंक यादव ने अपने करियर को खतरे में डालने वाली चोट और सर्जरी के बाद वापसी के बारे में बात की है. उन्होंने बताया कि इंडियन टीम के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह ने उनकी काफी मदद की. बुमराह खुद भी इसी तरह की सर्जरी से गुजर चुके हैं, इसलिए उन्होंने मयंक को रिकवरी के हर स्टेप पर गाइड किया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

JioStar के IPL Today Live पर मयंक ने बताया कि सर्जरी से पहले वो अपनी बॉडी का ख्याल नहीं रखते थे. रिकवरी सेशन को अक्सर स्किप कर देते थे. लेकिन सर्जरी के बाद सब बदल गया. अब वो रिकवरी, न्यूट्रिशन और नींद पर पूरा ध्यान देते हैं. मयंक ने कहा,

“सर्जरी के बाद मैंने अपनी बॉडी का बहुत सम्मान करना शुरू कर दिया. जितना मैं अपनी बॉडी का ख्याल रखता हूं, उतना ही वो मैदान पर मुझे रिजल्ट देती है.”

Advertisement

मयंक यादव सिर्फ 23 साल के हैं. उन्होंने IPL 2024 में अपनी तेज गेंदबाजी से सबको हैरान कर दिया था. उस सीजन में उन्होंने किसी भी भारतीय पेसर द्वारा कराई गई सबसे तेज गेंद फेंकी थी. लेकिन उसी सीजन में मयंक को बड़ी चोट लग गई. फिर IPL 2025 में भी उनकी पीठ में गंभीर समस्या हो गई, जिसकी वजह से वो पूरा टूर्नामेंट नहीं खेल पाए. डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी. सर्जरी के बाद मयंक को लंबा रिहैबिलिटेशन करना पड़ा.

रिकवरी के दौरान मयंक नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में थे. वहीं बुमराह भी थे. दोनों की अच्छी बॉन्डिंग है. मयंक बताते हैं,

“बुमराह भैया ने मुझे अपनी सर्जरी का पूरा अनुभव बताया. वो मेरे लिए टीचर जैसे हैं. उनकी भी मेरे जैसी ही सर्जरी हुई थी.”

Advertisement

मयंक ने आगे बताया कि बुमराह ने उनकी रिकवरी में काफी मदद की, और अपना अनुभव भी शेयर किया. उन्होंने कहा,

“बुमराह ने मुझसे बताया कि रिकवरी में कभी बॉडी अच्छा फील करेगी, कभी नहीं. किन-किन चीजों पर ध्यान देना है, कैसे वापस आना है, सब कुछ शेयर किया. फोन पर या मैसेज पर भी वो अपना एक्सपीरियंस बताते रहते हैं.”

बुमराह ने मयंक को समझाया कि सर्जरी के बाद बॉडी कैसे रिएक्ट करती है और धीरे-धीरे कैसे मजबूत बनानी है. इस मदद से मयंक का कॉन्फिडेंस बहुत बढ़ा. अब वो IPL 2026 के लिए पूरी तरह तैयार हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया है, जो दिखाता है कि टीम उन पर कितना भरोसा करती है.

मयंक ने ये भी बताया कि वो बचपन से ही तेज गेंदबाजी के दीवाने थे. वो कभी स्पिन बॉलिंग की तरफ नहीं गए. उन्होंने बताया,

“मैं गली क्रिकेट में भी सिर्फ तेज गेंद फेंकता था. तभी से पेस बॉलिंग का मेरा जुनून बढ़ा. मेरे पिता मुझे पेस बॉलर्स के वीडियो दिखाया करते थे. अक्सर जब भी भारत की टीम दक्षिण अफ्रीका से खेलती थी, तो मैं वो मैच देखा करता था.”

मयंक ने बताया कि उन्हें मोर्ने मोर्केल और डेल स्टेन की गेंदबाजी बहुत पसंद थी. उन्होंने ये भी बताया कि पेस बॉलिंग से बॉडी पर बहुत स्ट्रेस पड़ता है. शारीरिक और मानसिक दोनों तरह का प्रेशर रहता है. लेकिन मयंक ने कभी हार नहीं मानी. चोट के बावजूद वो वापसी करने के लिए तैयार हैं.

वीडियो: जसप्रीत बुमराह ने संजू सैमसन को नहीं, तो किसे बताया मैच का टर्निंग पॉइंट?

Advertisement