पश्चिम एशिया में चल रही जंग का असर भारत पर भी पड़ रहा है. स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज बंद होने की वजह से तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं. शेयर बाजार भी तेजी से गिरता जा रहा है. ऐसे में LPG गैस सिलेंडर की किल्लत भी बनी हुई है. जिसकी वजह से लोगों को लंबी लाइन में लगकर घंटों इंतज़ार करना पड़ रहा है. उसके बाद भी कुछ लोग घर में चूल्हा जलाने को तरस जा रहे हैं. वहीं प्रशासन का दावा है कि सब ठीक चल रहा है.
यूरिन बैग लगाए गैस सिलेंडर लेने पहुंचे बुजुर्ग, लोग घंटों लाइन में लगे, प्रशासन कह रहा 'सब चंगा'
LPG Cylinder Crisis: LPG किल्लत की कुछ तस्वीरें उत्तर प्रदेश के बांदा ज़िले से आई हैं. लोग सुबह 4 बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन घंटों के इंतज़ार के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया.


प्रशासन के दावे के उलट LPG किल्लत की कुछ तस्वीरें उत्तर प्रदेश के बांदा ज़िले से आईं हैं. ये बेहद चिंताजनक हैं. तस्वीरों में दिख रहा है कि लोग खाली सिलेंडर लिए लंबी लाइन में खड़े हैं. आजतक से जुड़े सिद्धार्थ गुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक़, लोग सुबह 4 बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन घंटों के इंतज़ार के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया है. एक बुज़ुर्ग बीमार होने के बावजूद ई-रिक्शा से सिलेंडर लेने पहुंचे हैं. हाथ में यूरिन बैग लिए अपने नंबर का इंतज़ार कर रहे हैं.

कुछ गैस एजेंसियों में सिलेंडर वितरण करने वाली जगह पर पुलिस को भी बुलाया गया है. सुबह से इंतज़ार कर रही एक बच्ची ने बताया कि अभी तक उसका नंबर नहीं आया है. रिपोर्ट के मुताबिक़, गैस की किल्लत के बीच सिलेंडरों की कालाबाज़ारी के मामले भी सामने आए हैं. उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि एजेंसी संचालक अधिकारियों के इशारों पर गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाज़ारी कर रहे हैं.
दो दिन पहले बांदा में सिलेंडर की कालाबाज़ारी का एक मामला भी सामने आया था. पोर्टल और गोदाम में सिलेंडर की गिनती में अंतर पाया गया था. SDM नरैनी अमित शुक्ला ने एक गैस एजेंसी से 395 गैस सिलेंडरों की गड़बड़ी पकड़ी थी. इनमें 191 घरेलू और 204 कमर्शियल सिलेंडर पोर्टल स्टॉक के मुकाबले गोदाम में कम पाए गए थे. इसके बाद नरैनी कोतवाली में FIR दर्ज कराई गई.
ये भी पढ़ें: होर्मुज ने बढ़ाई गैस की किल्लत, अब यूरिया का भी संकट आने वाला है?
प्रशासन ने क्या कहा?रिपोर्ट के मुताबिक़, बांदा के SDM नमन मेहता ने बताया कि प्रशासन की तरफ से स्टॉक की कोई कमी नहीं है. सवाल वही है कि अगर स्टॉक में कमी नहीं है तो लोगों को इतनी परेशानी क्यों झेलनी पड़ रही है? उन्होंने अपने बयान में कहा,
‘जो ज़रूरी चीज़ है, जिसमें डोमेस्टिक और कमर्शियल गैस सिलेंडर दोनों शामिल हैं, वो लोगों को मुहैया कराई जा रही है. बड़ी एजेंसियों में पुलिस को तैनात किया गया है जिससे वितरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके.'
उन्होंने आगे कहा कि ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन के क्रम के अनुसार उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया जाएगा. SDM ने कालाबाज़ारी के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने की भी बात कही है.
वीडियो: आसान भाषा में: Strait of Hormuz बंद होने पर भारत में गैस कैसे पहुंचेगी?


















