न्यूज़ीलैंड और भारत के बीच खेला गया दूसरा T20I मैच बहुत लो-स्कोरिंग रहा. लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच पर गेंद ऐसे घूम रही थी, कि किसी भी बल्लेबाज़ के लिए खड़ा रहना मुश्किल था. न्यूज़ीलैंड का कोई भी प्लेयर 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका. दोनों टीम्स के स्पिनर्स ने कमाल का जाल बुना और बल्लेबाज़ों को फंसाया. ऐसे में हार्दिक पंड्या के एक फैसले पर लगातार सवाल उठ रहे हैं.
'हार्दिक का ये फैसला बेतुका था, भारत को नुकसान हो जाता...' - गौतम गंभीर
कैप्टन के फैसले पर भड़के गंभीर.


न्यूज़ीलैंड की पूरी टीम 99 पर सिमट गई. भारत के लिए पहला विकेट युज़वेन्द्र चहल ने लिया. चहल ने इसके बाद सिर्फ एक ही ओवर और बोलिंग की. युज़ी ने अपने दो ओवर में सिर्फ चार रन खर्च किए. लेकिन उसके बाद उन्हें बॉलिंग करने का मौका नहीं मिला.
वॉशिंगटन सुंदर ने तीन, कुलदीप यादव ने चार और पार्ट टाइम स्पिनर दीपक हूडा ने भी पूरे चार ओवर बोलिंग की. लेकिन चहल को तीसरा ओवर नहीं मिला. और इस फैसले पर दो बार के वर्ल्ड कप विजेता गौतम गंभीर चौंक गए.
स्टार स्पोर्ट्स पर मैच के बाद बात करते हुए गंभीर ने कहा,
‘ये बहुत चौंकाने वाला फैसला था. मैं इस सवाल का जवाब भी नहीं दे सकता. और वो भी ऐसे विकेट पर. T20 फॉर्मेट में चहल आपके नंबर वन स्पिनर हैं. आपने उन्हें दो ओवर्स दिए. उसमें उन्होंने फिन एलन का जरूरी विकेट निकाल कर दिया. इसके बावजूद आपने उनसे चार ओवर नहीं डलवाए. इस बात का कोई सेंस नहीं है मेरे लिए.’
बताते चलें, फिन एलन का विकेट लेते ही चहल ने एक रिकॉर्ड भी बना दिया. अब T20 इंटरनेशनल में उनके नाम भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट्स हैं. चहल के नाम कुल 91 T20I विकेट्स हैं. दूसरे नंबर पर मौजूद भुवनेश्वर कुमार 90 विकेट ले चुके हैं.
गंभीर ने इसके बाद ये भी कहा कि अगर चहल को एक और ओवर दिया गया होता, तो शायद न्यूजीलैंड 80-85 पर ऑलआउट हो जाती. गंभीर ने कहा,
‘जी, आप अर्शदीप सिंह और शिवम मावी जैसे युवा प्लेयर्स को मौका देना चाहते हैं. पर आप चहल को आखिरी ओवर या उससे पहले एक और ओवर दे सकते थे. मुझे लगता है हार्दिक से यहां गलती हुई. वो ऐसी पिच पर न्यूजीलैंड को 80 या 85 पर ऑलआउट कर सकते थे. ऐसी पिच पर आप नहीं चाहते कि विरोधी टीम ज्यादा रन्स बनाए. चौंकाने वाली बात ये भी है कि हूडा से चार ओवर करवाए गए, पर चहल से नहीं.’
भारत ने इस मैच में न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराया. सूर्यकुमार यादव को 26 रन की नाबाद पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. सीरीज़ का आखिरी और डिसाइडर मैच 1 फरवरी को खेला जाना है.
वीडियो: Ind vs NZ 2nd T20 में ये रिकॉर्ड कोई टीम नहीं चाहती होगी



















