The Lallantop

रवि शास्त्री ने बताया, कैसे वर्ल्ड कप 2023 में खेल सकते हैं उमरान मलिक

जसप्रीत बुमराह की वापसी पर क्या बोले शास्त्री?

Advertisement
post-main-image
उमरान मलिक. Photo: PTI

भले ही ICC T20 विश्वकप 2022 में टीम इंडिया उमरान मलिक (Umran Malik) को ऑस्ट्रेलिया ले जाना भूल गई. लेकिन अब उम्मीदें बंध रही हैं, कि उमरान को घर में होने वाले वनडे विश्वकप में मौका ज़रूर मिलेगा. इस चीज़ का भरोसा खुद पूर्व कोच रवि शास्त्री ने जताया है. रवि शास्त्री को लगता है कि उमरान ऐसे तेज़ गेंदबाज़ हैं, जिनकी जगह अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वनडे विश्वकप 2023 में ज़रूर बनेगी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच आखिरी T20I के दौरान कॉमेंट्री करते हुए रवि शास्त्री ने कहा,

'मुझे लगता है कि T20 से ज्यादा उमरान मलिक के लिए वनडे फॉर्मेट में मौके हैं. जिस तरह से आज के दिनों में ज़्यादा क्रिकेट खेला जा रहा है, ऐसे में उनके पास हमेशा मौका हो सकता है.'

Advertisement

रवि शास्त्री ने आगे कहा,

'किसी भी खिलाड़ी को कभी भी इंजरी हो सकती है. वर्ल्डकप के लिए जिस दल का ऐलान होगा, उसके लिए कोई डेडलाइन होगी. ऐसे में सभी खिलाड़ियों की फिटनेस बेहद अहम है. इस वजह से ही ये IPL भी बहुत ज़्यादा खास होने वाला है. खासतौर पर गेंदबाज़ों के लिए, क्योंकि वो अपना वर्कलोड कैसे मैनेज करते हैं ये देखना होगा.'

हालांकि, वनडे टीम में मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और अर्शदीप सिंह भी अपना दावा पेश कर रहे हैं. ऐसे में उमरान अपनी जगह कैसे बनाते हैं ये देखना होगा.

Advertisement

पूर्व कोच ने आगे जसप्रीत बुमराह का ज़िक्र भी किया. उन्होंने कहा,

'सभी चाहते हैं बुमराह वापसी करें, क्योंकि वो एक जादुई गेंदबाज़ हैं. वो एक स्टार हैं, ऐसे में अगर वो पूरी तरह से फिटनेस पाकर लौटते हैं तो टीम इंडिया को बहुत मज़बूती मिलेगी.'

अगर बुमराह भी वनडे विश्वकप की टीम के लिए वापसी करते हैं, तो फिर कई युवा खिलाड़ियों के लिए टीम में जगह बनाना आसान नहीं रहने वाला. हालांकि उमरान के पिछले आठ मुकाबलों की बात करें, तो उन्होंने 15 विकेट चटकाए हैं. जिसमें दो बार तो एक पारी में तीन-तीन विकेट्स भी हैं. ऐसे में उमरान सटीक लाइन, लेंथ और स्पीड के साथ अपना दावा मज़बूती से पेश कर रहे हैं.

वीडियो: हार्दिक पंड्या, शुभमन गिल के अलावा IndvsNZ मैच की ये तीन बातें जानते हैं!

Advertisement