हम लाए हैं क्रिकेट टीमों के कुछ ऐसे सेलिब्रेशंस जो अक्सर देखने को नहीं मिलते. ये नहीं कि बस मैच जीता, हाथ मिलाया और पवेलियन में घुस गए. वो जीत जब यूं ही बस पवेलियन में घुस जाना काफ़ी नहीं था. जब मैदान में रहकर कुछ करना ज़रूरी लगा. एक को नहीं, पूरी टीम को.
1. चेन्नई में पाकिस्तान का विक्ट्री लैप
क्रिकेट के मैदान में अक्सर ऐसा कुछ होता है जो हमें सिर्फ चकित ही नहीं करता बल्कि एक नयी ताकत और एनर्जी से भर देता है. जो इस बात में विश्वास दिला देता है कि भले ही मैच को एक जंग की तरह खेला जाए मगर उसके नतीजे जंग जैसे घातक नहीं होते. न ही कोई खून खराबा. न कोई विभाजन. बल्कि बेशुमार इज़्ज़त और प्यार. पाकिस्तानी टीम सालों बाद इंडिया खेलने आई थी. सीरीज़ से पहले उनके यहां खेलने पर तमाम हो हल्ला भी हुआ. शिव सेना खासी नाराज़ थी. दिल्ली की पिच तक खोद डाली गयी. वो पिच जिसपर दूसरा टेस्ट मैच होने को था. इसके बावजूद बीसीसीआई ने हर कोशिश कर सीरीज़ शुरू कराई. कड़ी सिक्योरिटी के बीच. चेन्नई में पहला टेस्ट हुआ. सचिन तेंदुलकर की गजब फाइट-बैक इनिंग्स के बावजूद पाकिस्तान जीत गया. सचिन के आउट होते ही टीम इंडिया ढह गयी. सचिन ने पीठ दर्द से जूझते हुए 136 रन बनाये. जीतने के बाद जो हुआ उसने खेल में दोस्ती के विश्वास को बढ़ा दिया. समूची पाकिस्तानी टीम मैदान में चारों ओर दौड़ रही थी. चेन्नई के स्टेडियम में मौजूद एक-एक दर्शक उनके लिए तालियां बजा रहा था. ऐसा लग ही नहीं रहा था कि ये वही देश है जिससे सालों से हमारी सरकार को इतनी टेंशन मिली हुई है. वो दौड़े जा रहे थे, तालियों के बीच. कहते हैं उस दिन टेस्ट मैच इंडिया और पाकिस्तान के बीच हुआ था लेकिन जीता चेन्नई था. https://www.youtube.com/watch?v=HjfWrCpnnig
2. इंग्लैण्ड का ऑस्ट्रेलिया में नाच
ऐशेज़ सीरीज़. साल 2010. एंड्रू स्ट्रॉस की कप्तानी में इंग्लैण्ड की टीम ऑस्ट्रेलिया में सीरीज़ खेलने पहुंची थी. ये वो वक़्त था जब इंग्लैण्ड की टीम ऑस्ट्रेलिया पर डॉमिनेट कर रही थी. 2009 की सीरीज़ भी उन्होंने ही 2-1 से जीती थी. सीरीज़ जीतने के बाद इंग्लैण्ड की टीम उस कोने में पहुंची जहां 'बार्मी आर्मी' इकठ्ठा थी. वहां पहुंचकर पूरी टीम ने कुक और पीटरसन की अगुवाई में बाउंड्री पर खड़े होकर
स्प्रिंकलर डांस किया. गजब शोर के बीच. ऑस्ट्रेलिया के लिए ये ज़ख्म पर नमक छिड़कने जैसा था. https://www.youtube.com/watch?v=tVUCiWDLavY
3. क्रिस गेल और अफ़ग़ानिस्तान टीम का जश्न
वर्ल्ड टी-20 2016. वेस्ट इंडीज़ वर्सेज़ अफ़ग़ानिस्तान. अफ़ग़ानिस्तान ने वेस्ट इंडीज़ को हरा दिया. ये वो वाकया था जिसका होना किसी ने नहीं सोचा था. अफ़ग़ानिस्तान एक असोसिएटेड मेम्बर है और वेस्ट इंडीज़ कम से कम टी-20 के फॉरमैट में तो एक चैंपियन टीम थी ही, जिसके बावजूद उसे अफ़ग़ानिस्तान से हारना पड़ा. मैच जीतने के बाद अफ़ग़ानिस्तान की टीम इकठ्ठा होकर जीत का जश्न मना रही थी. पूरे क्रिकेट वर्ल्ड में अफ़ग़ानिस्तान की बड़ाई हो रही थी. इसी बीच वहां जश्न मनाते अफ़ग़ान प्लेयर्स के बीच वेस्ट इंडीज़ के क्रिस गेल पहुंच गए. उन्होंने उन सभी के साथ डांस किया. गेल के ऐसे रिएक्शन के लिए दुनिया भर में उनकी तारीफ़ हुई और साथ ही हराने वाली टीम के साथ हारे हुए प्लेयर के जश्न मनाने की ये तस्वीर नए इग्ज़ाम्पल सेट करते हुए मिली. https://www.youtube.com/watch?v=XOB9ULOMeTE
4. पाकिस्तान को हराकर इंडियन फैन्स का जश्न
1 मार्च 2003. इंडिया वर्सेज़ पाकिस्तान, वर्ल्ड कप. इंडिया ने पाकिस्तान के 274 का टार्गेट चेज़ करते हुए 45.4 ओवर में मैच अपने नाम कर लिया. ये मैच उस वक़्त तक इन दोनों देशों के बीच खेले गए मैचों में सबसे कर्रा मैच साबित हुआ. इसे जीतने के बाद सेंचुरियन में जो शोर हुआ, मुझे आज भी लगता है लखनऊ के उस छोटे से कमरे में मुझे सुनाई दिया था. प्रेज़ेन्टेशन सेरेमनी में रॉबिन जैकमैन ने हाथ में माइक थामा तो उन्हें चीखते हुए कहना पड़ा,
"Ladies and gentlemen, I do hope this microphone is working right around this ground, otherwise it's gonna take a long time to get through this presentation." शोर अपने चरम पर था और सचमुच रॉबिन जैकमैन की आवाज़ टीवी पर सुनाई देना मुश्किल हो रहा था. ग्राउंड पर हाल क्या थे, कहना मुश्किल है. और जब माइक पर वक़ार यूनिस को बुलाया गया तो उन्हें चिढ़ाने को उठे शोर को शांत कराने के लिए जैकमैन को दोबारा वहां मौजूद क्राउड से कहना पड़ा,
"OK. Hold it down!" जब शोर फिर भी शांत नहीं हुआ तो कुछ देर बाद उन्होंने फिर कहा,
"I'm waiting for you... I'm waiting for you." https://www.youtube.com/watch?v=onYblUXJnHs
5. वेस्ट इंडीज़ का चैम्पियन नाच
वर्ल्ड टी-20 2016. वेस्ट इंडीज़ कप उठा चुकी थी. जीत का जश्न पहले तो मैदान में मनाया गया और फिर बस से होटल पहुंचकर भी वही ऊर्जा, वही रंग. ड्वेन-ब्रावो का गाना चैम्पियन चालू था, स्पीकर्स कैप्टन डैरेन सैमी के हाथ में थे और पूरी टीम नाचते-गाते होटल में घुस रही थी. वहां उनके इंतज़ार में वुमेन्स टी-20 जीत चुकी लड़कियों की टीम इंतज़ार कर रही थी. पूरे होटल में हॉल मचा हुआ था और जश्न पूरी रात चला. https://www.youtube.com/watch?v=_KQ7KC9-PPM