इंडियन क्रिकेट में दिनेश कार्तिक जैसा कमबैक शायद ही किसी ने किया होगा. क्रिकेट के मैदान से कमेंट्री मैदान पर पहुंचे बहुत से लोगों ने उन्हें सिरे से खारिज कर दिया था. कई जानकारों का मानना था कि कार्तिक का करियर अब खत्म हो गया है. लेकिन IPL2022 में कमाल की बैटिंग करने के बाद कार्तिक एक बार फिर इंडियन टीम में वापसी कर चुके हैं. दिनेश कार्तिक ने इंडियन टीम में वापसी के बाद BCCI की सोशल मडिया टीम को एक इंटरव्यू दिया है. इस बातचीत के दौरान कार्तिक ने बताया कि अगर उनके पास दिमाग पढ़ने की शक्ति होती तो वो किसका दिमाग पढ़ते. रोनाल्डो और मेसी जैसे लेजेंड्स में उन्हें कौन पसंद हैं और फेडरर और नडाल वाली जंग में उन्हें कौन बेहतर लगता है.
दिनेश कार्तिक इस भारतीय खिलाड़ी के दिमाग में 'घुसना' चाहते हैं!
उड़ सकते तो कहां जाते DK?


कार्तिक इंडिया-साउथ अफ्रीका T20 सीरीज का हिस्सा हैं. BCCI से हुई बातचीत में कार्तिक ने कई सवालों का जवाब दिया. IPL में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के फिनिशर डीके एक दूसरे फिनिशर का माइंड रीड करना चाहते हैं. कार्तिक से ये भी पूछा गया कि अगर वो उड़ सकते तो कहां जाते. उन्होंने कहा,
‘अगर मैं उड़ सकता तो मैं अलास्का जाता. मैंने अलास्का के बारे में बहुत कुछ सुना है जो मुझे आकर्षित करता है. वहीं अगर मुझे दिमाग पढ़ पाने की शक्ति दी जाए, तो मैं बेशक एमएस धोनी के दिमाग को पढ़ना चाहूंगा.’
दुनिया भर के क्रिकेट एक्सपर्ट्स धोनी को क्रिकेट के सबसे अच्छे रीडर्स में से एक मानते हैं. कार्तिक ने चाय और कॉफी के बीच चाय को चुना है. कार्तिक ने इसकी ख़ास वजह भी बताई. कार्तिक ने कहा कि तमिलनाडु से बाहर जाते ही अच्छी चाय ज्यादा आसानी से मिलती है. इसके बाद दिनेश के दूसरे स्पोर्ट्स के सुपरस्टार्स के बारे में पूछा गया. पहले टेनिस की बारी आई. उन्होंने कहा,
‘नडाल और फेडरर के बीच मैं फेडरर को चुनना चाहूंगा. वो जिस तरह से मैदान (कोर्ट) पर और कोर्ट के बाहर खुद को संभालते हैं, उससे मैं बहुत प्रभावित हूं.’
कार्तिक ने रोनाल्डो-मेसी वाले डिबेट का भी जवाब दिया है. उनके लिए अर्जेंटीना के मेसी बेहतर प्लेयर हैं. उन्होंने कहा,
‘मुझे लगता है मेसी कुछ अलग किस्म के प्लेयर हैं और जितना भी मैंने उन्हें खेलते हुए देखा है, मैंने हमेशा उन्हें एंजॉय किया है.’
कार्तिक से जब पूछा गया कि वो मूवी नाइट पसंद करेंगे या टीम के साथ डिनर तो उन्होंने अपनी टीम के साथ डिनर को चुना. कार्तिक को पहाड़ों पर घूमना पसंद है और वो चाहते हैं कि उनकी लाइफ पर भी एक मूवी बने. क्योंकि उनका मानना है वो किसी किताब से ज़्यादा बेहतर होगी.
कार्तिक ने IPL2022 में शानदार बैटिंग करते हुए RCB को कई मैच जिताए थे. कार्तिक ने 16 मैच में 180 की स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए. कार्तिक इंडिया-साउथ अफ्रीका के पहले T20 मैच में सिर्फ दो ही बॉल खेल पाए. इस मैच में इंडिया को सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा T20 रविवार शाम को खेला जा रहा है.
महिला क्रिकेटर बनना किसी संघर्ष से कम नहीं





















