The Lallantop

CWG 2022: भारतीय बैडमिंटन टीम का जलवा बरकरार, गोल्ड मेडल से महज़ 1 कदम दूर

CWG 20022: गोल्ड मेडल के मुकाबले में मुश्किल टीम का सामना करेगी टीम इंडिया.

Advertisement
post-main-image
भारतीय बैडमिंटन टीम कमाल के फॉर्म में (AP)

कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG 2022) में भारतीय बैडमिंटन टीम का जलवा बरकरार है. भारत ने सिंगापुर को 3-0 से रौंदते हुए मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में एंट्री मार ली है. पीवी सिंधु और युवा लक्ष्य सेन की अगुवाई में भारतीय टीम ने आसानी से अपने तीनों मुकाबले जीतकर कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है. अब टीम इंडिया के इन जांबाजों की नजर गोल्ड मेडल जीतने पर होगी, जहां उनकी राह में मलेशिया की मजबूत टीम सामने होगी.

मेंस सिंगल्स मुकाबले में कमाल के फॉर्म में चल रहे लक्ष्य सेन ने मौजूदा विश्व चैंपियन लोह कीन यू को हरा दिया. वहीं 2 बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने विमेंस सिंगल्स में जिया मिन येओ के खिलाफ जीत दर्ज की. इनके अलावा मेंस डबल्स में सात्विकसाईराज रेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने योंग काई टेरी और एंडु जून कियान को पटखनी दी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

#डबल्स टीम ने दिलाई बढ़त

सेमीफाइनल के पहले मुकाबले में सात्विकसाईराज रेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी के सामने योंग काई टेरी और एंडु जून कियान की चुनौती थी. भारतीय जोड़ी ने मैच में बेहद आक्रामक शुरुआत की और पहले गेम को 21-11 से अपने नाम कर लिया. दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी ने आक्रामक खेल बरकरार रखा और मैच को बेहद आसानी के साथ 21-11, 21-12 से जीत लिया. 

Advertisement
#सिंधु ने बढ़त को किया दोगुना

दूसरे मुकाबले में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु के सामने 9वीं रैंकिंग वाली जिया मिन येओ की चुनौती थी. लेकिन सिंधु ने अपने विरोधी खिलाड़ी को मैच में कोई मौका नहीं दिया और मुकाबले को आसानी से 21-11, 21-12 से जीत लिया. 

#लक्ष्य सेन का कमाल

सेमीफाइनल के तीसरे मैच पर सबकी नजरें थी, जहां 10वीं रैंकिंग वाले लक्ष्य सेन का मुकाबला 9वीं रैंकिंग वाले विश्व चैंपियन लोह कीन यू के साथ था. मैच की शुरुआत लोह ने आक्रामक अंदाज में की और पहले गेम में 4-0 की बढ़त बना ली. हालांकि लक्ष्य ने तुरंत ही मैच में वापसी की और स्कोर को 6-6 से बराबरी पर ला दिया. लक्ष्य ने इसके बाद अपनी बढ़त का बरकरार रखते हुए पहले गेम को 21-18 से जीत लिया. दूसरे गेम में लक्ष्य ने अपने आक्रामक खेल को बरकरार रखा और 21-15 से जीत दर्ज करते हुए भारत के लिए सिल्वर मेडल पक्का कर दिया.

अब गोल्ड मेडल के मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत के सामने मलेशिया की टीम होगी. सेमीफाइनल में मलेशिया ने इंग्लैंड को 3-0 से हराया है. वहीं ब्रॉन्ज मेडल मैच में इंग्लैंड का सामना सिंगापुर से होगा.

वीडियोः वर्ल्ड चैंपियनशिप में चांदी लाने वाले को भूल गई ममता सरकार

Advertisement

Advertisement