क्रिकेट की सबसे बड़ी राइवलरी क्या है? भारत-पाकिस्तान? ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड या फिर भारत-ऑस्ट्रेलिया? अगर आपका जवाब इन तीनों में से कोई एक है, तो आप ग़लत हैं. वर्ल्ड क्रिकेट में एक नई राइवलरी आ चुकी है. और ये वाली सबसे तगड़ी है. इसमें शामिल दोनों टीम्स एक-दूसरे का पीछा छोड़ ही नहीं रहीं. नहीं समझे? अरे भाई हम बात कर रहे हैं बांग्लादेश-श्रीलंका की. इनकी राइवलरी का ये हाल है कि ये लोग अभी तक वनडे वर्ल्ड कप की एक घटना को भूल नहीं पा रहे हैं.
बांग्लादेश-श्रीलंका विवाद में नया मोड़, बांग्लादेशी प्लेयर्स की हरकत से फिर गुस्साए श्रीलंका!
Bangladesh vs Sri Lanka राइवलरी में एक और कांड जुड़ गया है. वनडे सीरीज़ में श्रीलंका को हराने के बाद बांग्लादेशी प्लेयर्स ने एक बार फिर से एंजेलो मैथ्यूज़ के टाइम आउट का मज़ाक बनाया.

घटना तो पता ही होगी? एंजेलो मैथ्यूज़ का टाइम आउट. श्रीलंका के बाद अब बांग्लादेश ने उस घटना को याद किया है. बात बांग्लादेश-श्रीलंका के बीच हुई तीन वनडे मैच की सीरीज़ की है. सीरीज़ का आखिरी मैच. बांग्लादेश ने इसे चार विकेट से जीता. इसके साथ ही इन्होंने सीरीज़ भी 2-1 से अपने नाम कर ली. और फिर आई सेलिब्रेशन की बारी.
यह भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर कैसे हुए पूरी तरह फ़िट, KKR के लिए खेलेंगे IPL के सारे मैच?
इस सेलिब्रेशन का एक वीडियो वायरल है. इस वीडियो में दिखता है कि कप्तान नजमुल हसन शांतो सीरीज़ की ट्रॉफ़ी लाकर टीम के पास रखते हैं, तभी सीनियर विकेट कीपर मुशफ़िकुर रहीम बैटिंग हेलमेट लगाने की कोशिश करते हुए आते हैं. कुछ कदम चलने के बाद वह ऐसा जताते हैं कि जैसे उनके हेलमेट में कोई समस्या हो. फिर वह इसे पूरी टीम को दिखाते हैं. टीम नहीं मानती, और फिर वह निराश होकर चले जाते हैं.
फिर शांतो समेत पूरी टीम जश्न मनाती है. बाद में मुशफ़िकुर भी इस जश्न में शामिल हो जाते हैं. इस घटना के जरिए बांग्लादेश की टीम ने एंजेलो मैथ्यूज़ के टाइम आउट का मजाक बनाया. बीते साल हुए वनडे वर्ल्ड कप के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ़ मैथ्यूज़ को टाइम आउट दिया गया था. और इस बात को श्रीलंका ने बहुत गंभीरता से लिया. वो लोग इस बात से बहुत गुस्सा हो गए थे.
श्रीलंका ये घटना भूल नहीं पा रहा है. इस वनडे सीरीज़ से पहले दोनों टीम्स T20 सीरीज़ में भी भिड़ी थी. श्रीलंका ने ये सीरीज़ 2-1 से अपने नाम की. और सीरीज़ जीतने के बाद उन्होंने टाइम आउट सेलिब्रेशन के जरिए बांग्लादेश का मजाक बनाया. अब बांग्लादेश ने वनडे सीरीज़ जीतने के बाद इसका बदला ले लिया है.
अब जाते-जाते आपको ये घटना भी याद दिला देते हैं. दिल्ली में चल रहा था मैच. सदीरा समरविक्रमा आउट हुए. मैच का 25वां ओवर. मैथ्यूज़ अगले बल्लेबाज के रूप में क्रीज़ पर आए. आते-आते पता चला कि उनके हेलमेट का स्ट्रैप टूटा है. मैथ्यूज़ ने ड्रेसिंग रूम की ओर इशारा कर दूसरा हेलमेट मांगा. लेकिन जब तक ये आता, देर हो चुकी थी. बांग्लादेश ने अपील की और मैथ्यूज़ टाइम आउट करार दिए गए. मैथ्यूज़ इस तरह से आउट होने वाले पहले इंटरनेशनल बैटर हैं.
वीडियो: श्रेयस अय्यर पूरी तरह फ़िट, KKR के लिए खेलेंगे IPL के सभी मैच?












