The Lallantop

बैडमिंटन में भारत के आयुष ने गदर काट दिया! वर्ल्ड चैंपियन को धूल चटाकर 61 साल बाद रचा इतिहास

भारत के युवा शटलर Ayush Shetty ने Badminton Asia Championship के फाइनल में जगह बना ली है. सेमीफाइनल में उन्होंने थाईलैंड के टॉप सीड Kunlavut Vitidsarn को हराया.

Advertisement
post-main-image
आयुष शेट्टी ने बैडमिंटन एश‍िया चैंपियनश‍िप के सेमीफाइनल में कुन्लावत विदितसर्न को हराया. (फोटो-AFP)

11 अप्रैल का दिन भारतीय खेल प्रेमियों के लिए एक भयंकर सॉलिड खबर लेकर आया है. भारत के युवा शटलर आयुष शेट्टी ने बैडमिंटन कोर्ट पर ऐसा रैकेट चलाया है कि इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गए हैं. आयुष ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप (Badminton Asia Championship) के फाइनल में धांसू एंट्री मार ली है. और मजे की बात ये है कि उन्होंने कोई ऐरे-गैरे खिलाड़ी को नहीं हराया, बल्कि मौजूदा चैंपियन को हराकर बाहर का रास्ता दिखाया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आपको तफसील से बताते हैं कि इस मैच में क्या-क्या हुआ और आयुष का ये कारनामा इतना ऐतिहासिक क्यों है. दरअसल, सेमीफाइनल में आयुष के सामने थे थाईलैंड के कुन्लावत वितिदसर्न (Kunlavut Vitidsarn). ये नाम बैडमिंटन की दुनिया में बड़ा भौकाल रखता है. कुन्लावत इस टूर्नामेंट के टॉप सीड खिलाड़ी हैं, गत चैंपियन (Defending Champion) हैं, 2023 के वर्ल्ड चैंपियन हैं और तो और, पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल भी गले में लटका चुके हैं.

मैच शुरू हुआ तो पहले गेम में कुन्लावत ने अपने रुतबे के हिसाब से खेला और आयुष को 10-21 से एकतरफा हरा दिया. लगा कि शायद भारतीय चुनौती यहीं खत्म हो जाएगी. लेकिन, दुनिया के 25वें नंबर के खिलाड़ी आयुष तो जैसे कसम खाकर आए थे. उन्होंने अपना गियर बदला और अगले दोनों गेम्स में कुन्लावत कुछ समझ पाते कि आयुष ने खेल खत्म कर दिया. आयुष ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 21-19 और 21-17 से जीत दर्ज की और वर्ल्ड चैंपियन के टूर्नामेंट से सफर पर विराम लगा दी.

Advertisement
61 साल बाद खत्म हुआ सूखा

अब जरा समझिए कि आयुष की ये जीत इतनी स्पेशल क्यों है. दरअसल, आयुष ने वो कर दिखाया है जो पिछले 61 सालों में कोई भारतीय नहीं कर सका. आयुष, दिग्गज दिनेश खन्ना के बाद इस टूर्नामेंट के मेंस सिंगल्स (Men's Singles) फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए हैं.

ये भी पढ़ें : संजू ने धोनी की याद दिला दी! बॉलर को दिया टिप्स, अगली बॉल पर ही मिल गया विकेट

दिनेश खन्ना ने साल 1965 में मेंस सिंगल्स का गोल्ड मेडल जीता था. तब से लेकर आज तक कोई भी भारतीय पुरुष खिलाड़ी सिंगल्स के फाइनल तक नहीं पहुंच पाया था. डबल्स में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने 2023 में जरूर खिताब जीता था और भारत का झंडा बुलंद किया था, लेकिन सिंगल्स में ये सूखा आयुष ने ही खत्म किया है.

Advertisement
अब फाइनल में किससे होगी भिड़ंत?

आयुष शेट्टी अभी शानदार फॉर्म में हैं. हाल ही में उन्होंने यूएस ओपन सुपर 300 (US Open Super 300) का खिताब भी अपने नाम किया था. अब फाइनल में आयुष का सामना एक और तगड़े प्रतिद्वंद्वी से होगा. उनका मुकाबला चीन के दूसरी वरीयता प्राप्त शी यू की (Shi Yu Qi) से होगा. 

खैर, अब सामने कोई भी हो, आयुष ने बता दिया है कि वो किसी से डरने वाले नहीं हैं. पूरे देश की निगाहें अब फाइनल पर टिकी हैं. उम्मीद है कि 61 साल बाद भारत की झोली में एशिया चैंपियनशिप का मेन्स सिंगल्स गोल्ड फिर से आएगा.

वीडियो: वैभव सूर्यवंशी ने कैसे दिला दी 37 साल पहले के सचिन तेंडुलकर की याद?

Advertisement