राम मंदिर चंदा विवाद बीजेपी सरकार के गले की फांस बन गया है. विपक्ष के हमले लगातार बढ़ रहे हैं. इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर पलटवार किया है.
'वक्फ लैंड के हेरफेर पर...', राम मंदिर चंदा चोरी विवाद पर CM योगी का सपा-कांग्रेस को जवाब
योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर चंदा विवाद पर बीजेपी सरकार को घेरने वाले विपक्षी दलों पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि जो सपा और कांग्रेस भगवान राम का अस्तित्व भी नहीं मानती थीं, वो आज 'आस्था से खिलवाड़' की बात कर रही हैं.


यूपी के प्रतापगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, “पिछले कुछ दिनों से भारत की सनातन आस्था पर प्रहार करने की शरारत की जा रही है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी गिरगिट की तरह रंग बदल रही हैं. दोनों पार्टियों ने कभी भगवान राम के अस्तित्व को स्वीकार नहीं किया, लेकिन अब कह रही हैं कि अयोध्या में आस्था के साथ खिलवाड़ हो रहा है. वो किस आस्था की बात कर रही हैं? उनकी आस्था अयोध्या पर कब हो गई?”
विपक्ष के हमलों पर जवाब देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने वक्फ के नाम पर जमीनों के हेरफेर पर कभी मुंह नहीं खोला. हजारों हेक्टेयर जमीन वक्फ के नाम पर बेची गई. यह जमीन गरीबों की थी. कमजोर तबके के लोगों की थी. ऐसी जमीनों पर वक्फ के नाम पर कब्जा करके बेच दिया गया और चुनिंदा लोगों का वारा-न्यारा किया गया. तब एक बार भी कांग्रेस और सपा ने मुंह नहीं खोला. वक्फ के नाम पर दोनों पार्टियों के मुंह पर फेविकोल लग जाता है.
योगी ने आगे कहा,
“कांग्रेस और सपा की ओर से कैसी-कैसी बयानबाजी की जा रही है. याद करिए जो कांग्रेस कहती थी कि राम हुए ही नहीं. जो कांग्रेस कहती थी कि कृष्ण हुए ही नहीं. अयोध्या में जो कांग्रेस और समाजवादी पार्टी बाबरी ढांचे का समर्थन करके उसके लिए घड़ियाली आंसू बहा रही थी. आज वही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी गिरगिट की तरह कैसे रंग बदल रही हैं. अब कह रही हैं कि अयोध्या में आस्था के साथ खिलवाड़ हो रहा है. अरे आस्था के साथ कौन खिलवाड़ हो रहा है? पहले बताओ कि तुम्हारी आस्था कब से अयोध्या पर हो गई?”
ये भी पढ़ेंः अयोध्या दान चोरी केस में अब होंगे और भी खुलासे? आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की तैयारी
योगी ने कहा कि कांग्रेस को अयोध्या पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है. जो समाजवादी पार्टी रामभक्तों पर गोली चलाती थी. वो आस्था की कौन सी बात कर रहे हैं. जो धार्मिक हिंदू विरासत से जुड़े हुए धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार का पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री वाल पर खर्च कर देते थे. उन लोगों से पूछा जाना चाहिए कि तुम्हें क्या अधिकार है?
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री रामजन्मभूमि ट्रस्ट अपना काम कर रहा है. वह मंदिर की व्यवस्था का संचालन कर रहा है. ट्रस्ट के काम में किसी का हस्तक्षेप नहीं. उन्होंने ये भी कहा कि सपा और कांग्रेस जहां पर बाबरी का गुलामी वाला ढांचा चाहते थे, आज वहां भगवान राम का दुनिया का सबसे बड़ा मंदिर खड़ा है. यही तो पीड़ा समाजवादी पार्टी की है. उनकी पीड़ा आस्था नहीं है. कांग्रेस और सपा पर तंज कसते हुए योगी ने कहा कि अब तो इन सपाइयों और कांग्रेसियों से गिरगिट भी शर्मा रहा होगा.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: चंपत राय-अनिल मिश्रा तो गए, अब कैसे चलेगा राम मंदिर?
















