The Lallantop

शुभेंदु अधिकारी बंगाल के अगले सीएम होंगे, अमित शाह ने की घोषणा

बीजेपी विधायक सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री होंगे. गृह मंत्री और पार्टी पर्यवेक्षक अमित शाह ने इसका ऐलान किया. शुभेंदु अधिकारी ने हाल में संपन्न हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से पूर्व सीएम ममता बनर्जी को चुनाव हराया था.

Advertisement
post-main-image
अमित शाह ने शुभेंदु के नाम का ऐलान किया. (तस्वीर- पीटीआई)

बीजेपी विधायक शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री होंगे. बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को नेता चुन लिया गया है. गृह मंत्री और पार्टी पर्यवेक्षक अमित शाह ने इसका ऐलान किया. वे 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्य के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे. शुभेंदु अधिकारी ने हाल में संपन्न हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से पूर्व सीएम ममता बनर्जी को चुनाव हराया था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बीजेपी के पर्यवेक्षक अमित शाह और मोहन चरण मांझी की मौजूदगी में हुई बैठक में विधायकों ने शुभेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगाई. गृह मंत्री अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान किया. उन्होंने बताया, 

अभी कुछ समय पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई है. लगभग आठ प्रस्ताव और समर्थन प्राप्त हुए और सभी एक ही नाम के मिले. उसके बाद दूसरे नाम के लिए भी सबको समय दिया गया, लेकिन कोई दूसरा नाम नहीं आया.

Advertisement

शुभेंदु अधिकारी ने इस बार दो सीटों से चुनाव लड़ा था. नंदीग्राम और भवानीपुर. दोनों सीटों से उन्होंने जीत हासिल की. भवानीपुर सीट से उन्होंने ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों से हराया. पिछले विधानसभा चुनाव में शुभेंदु ने नंदीग्राम से भी ममता बनर्जी को हराया था.

8 मई की सुबह विधायकों की बैठक में शामिल होने केंद्रीय गृह मंत्री और पार्टी पर्यवेक्षक अमित शाह कोलकाता पहुंचे. शुभेंदु अधिकारी समेत दूसरे बीजेपी नेताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया. हवाई अड्डे से वे न्यू टाउन स्थित एक होटल गए. फिर दोपहर में विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में बीजेपी विधायक दल की बैठक में शामिल हुए. 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह होगा. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और कई सीनियर नेताओं के शपथ ग्रहण में शामिल होने के चलते ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. 900 एकड़ से ज्यादा फैले इस ग्राउंड को क्राउड मैनेजमेंट और सिक्योरिटी के लिहाज से 30 सेक्टर में बांटा गया है.

Advertisement

एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक, ब्रिगेड परेड ग्राउंड और आसपास के इलाकों में करीब 4,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. हर सेक्टर की मॉनिटरिंग डिप्टी पुलिस कमिश्नर लेवल के अधिकारी करेंगे. अधिकारी ने आगे बताया कि जरूरत पड़ने पर केंद्रीय आर्म्ड फोर्सेज की तैनाती भी की जा सकती है. 

वीडियो: PA के पहले शुभेंदु अधिकारी के इन खास लोगों की रहस्यमयी मौत हो चुकी है

Advertisement