The Lallantop

अन्नामलाई बीजेपी को दिल्ली आकर बड़ा झटका देंगे?

बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष K. Annamalai की तस्वीर और 'Fearless minds gave no limits' लिखे पोस्टर पूरे Coimbatore में लगाए गए हैं. इससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि अन्नामलाई क्या अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने की तैयारी कर रहे हैं?

Advertisement
post-main-image
अन्नामलाई बीजेपी से इस्तीफा दे सकते हैं. (फोटो- India Today)

बीजेपी के तमिलनाडु में प्रदेश अध्यक्ष रहे के अन्नामलाई पार्टी से इस्तीफा देने वाले हैं. इंडियन एक्सप्रेस को ‘सूत्रों’ ने बताया कि अन्नामलाई दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करके उन्हें अपना इस्तीफा सौंपेंगे. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पहले से ही ये अटकलें थीं कि अन्नामलाई बीजेपी छोड़ नई पार्टी बनाने पर विचार कर रहे हैं. ये बात तब उठने लगी थी, जब अन्नामलाई के समर्थकों के एक संगठन ने अपने दल में नए लोगों की भर्ती शुरू कर दी. इसके अलावा, कोयंबटूर में लगे अन्नामलाई के ‘निडर दिमाग की कोई सीमा नहीं होती’ वाले पोस्टर्स भी इस संभावना को बल देते रहे.

सारे शहर में ये पोस्टर ऐसे समय में लगाए गए, जब कोयंबटूर में ही पार्टी की प्रदेश केंद्रीय समिति की मीटिंग चल रही है और इस मीटिंग में अन्नामलाई शामिल भी नहीं हो रहे. ठीक इसी समय वह विदेश में थे. बीजेपी की राज्य केंद्रीय समिति की ये दूसरी मीटिंग है, जिसमें अन्नामलाई गैर-मौजूद रहे. 

Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी बीच खबर आई कि अन्नामलाई के ‘फैन वेलफेयर संगठन’ ‘Annamalai Anbu Koottam’ नए मेंबर्स और पदाधिकारियों की भर्ती कर रहा है. इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चल रही है. 

इसने उन अटकलों को और जोर दे दिया कि जोसेफ विजय की टीवीके बाद अब अन्नामलाई भी बीजेपी का साथ छोड़ अपनी नई पार्टी बना सकते हैं. हालांकि, इस पूरी घटना पर अब तक अन्नामलाई का कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है. 

ann
कोयंबटूर में लगे अन्नामलाई के पोस्टर्स (फोटो-India Today)
नितिन नवीन को सौंपेगे इस्तीफा?

इधर, कई वरिष्ठ भाजपा सूत्रों ने बताया कि दक्षिण भारत में पार्टी के सबसे प्रमुख चेहरों में से एक के अन्नामलाई सोमवार, 1 जून को भाजपा से इस्तीफा दे सकते हैं. इसके लिए वो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मिलने भी वाले हैं. 

Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस ने बीजेपी के विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से बताया कि अन्नामलाई ने अपना मन बना लिया है. वह तमिलनाडु में रहते हुए भी इस्तीफा दे सकते थे, लेकिन दिल्ली जाकर पार्टी छोड़ने की जानकारी देना पार्टी के प्रति आभार व्यक्त करने का उनका एक तरीका है. मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि आईपीएस से इस्तीफा देने के बाद बीजेपी ने अन्नामलाई को राजनीति में जो मौके दिए, इसके लिए वो पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को ‘धन्यवाद’ देना चाहते हैं.

बता दें कि अन्नामलाई की पार्टी से नाराजगी नई नहीं है. एआईएडीएमके और बीजेपी के गठबंधन के बाद से ही वो पार्टी में किनारे लगाए जा रहे हैं. जब-तब दबी जुबान से इसे लेकर उनकी नाराजगी दिखती भी है. हालिया तमिलनाडु चुनाव में उन्होंने पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया था. कहा ये भी गया कि वह चुनाव में अपने लोगों को टिकट दिलाना चाहते थे लेकिन वह भी नहीं कर पाए. 

वीडियो: ममता बनर्जी ने बुलाई बैठक, 60 TMC विधायक नहीं पहुंचे

Advertisement