पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हालिया विधानसभा चुनाव में दो सीटों पर जीत दर्ज की थी. नंदीग्राम और भवानीपुर. इनमें से एक सीट उनको खाली करनी थी, क्योंकि एक विधायक दो सीटों से शपथ नहीं ले सकता. इसलिए शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट छोड़ने का फैसला किया है. भवानीपुर से वे विधायक बने रहेंगे.
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर में से किसे चुना?
शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर विधानसभा सीट से विधायक के तौर शपथ ली है. शुभेंदु ने बताया कि वे दो सीटों से शपथ नहीं ले सकते इसलिए उन्हें एक सीट को छोड़ना होगा. उन्होंने बताया कि खाली होने वाली सीट से बीजेपी के किसी समर्पित कार्यकर्ता को मौका दिया जाएगा.


टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर से विधायक के तौर पर ही शपथ ली है. शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने कहा,
मैं दो विधानसभा सीटों से विधायक के तौर पर शपथ नहीं ले सकता. मैंने भवानीपुर से विधायक के तौर पर शपथ ली है. मुझे नंदीग्राम छोड़ना होगा.
शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि नंदीग्राम के लोगों के लिए वह उसी तरह काम करते रहेंगे जैसे अब तक करते रहे हैं. उन्होंने ये भी बताया कि पार्टी के किसी समर्पित कार्यकर्ता को ही नंदीग्राम से चुनाव लड़ाया जाएगा. शुभेंदु अधिकारी ने TMC में रहते साल 2009 में फिरोजा बीबी को नंदीग्राम से चुनाव लड़वाया था. फिरोजा इस सीट से विधायक बनी थीं. उस दौर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा,
जब मैं आधिकारिक तौर पर उस सीट का विधायक नहीं था, फिर भी मैंने 2008 के नंदीग्राम पुलिस गोलीबारी कांड में शहीद हुए व्यक्ति की मां फिरोजा बीबी को पूरा समर्थन दिया था. इस बार भी मैं वैसी ही भूमिका निभाऊंगा.
शुभेंदु के भवानीपुर विधानसभा सीट चुनने का मतलब है कि बंगाल का मुख्यमंत्री इस बार भी भवानीपुर का ही विधायक होगा. पिछली बार ममता बनर्जी इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रही थीं. ममता बनर्जी साल 2011 से ही भवानीपुर सीट से चुनाव जीतती आ रही थीं. लेकिन साल 2021 को शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ लड़ने के लिए नंदीग्राम चली गईं. इस मुकाबले में शुभेंदु ने उनको पटखनी दे दी.
इसके बाद उन्होंने भवानीपुर से जीते TMC विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय से इस्तीफा दिलवाया और उपचुनाव में जीत कर विधानसभा पहुंची. इस बार शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़े और ममता बनर्जी को लगभग 15 हजार वोटों से हराया.
शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम और भवानीपुर से पहले कांथी दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक और तमलुक लोकसभा सीट से सांसद चुने जा चुके हैं. साल 2021 में बीजेपी ने उन्हें बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया था. वहीं इस बार उनको राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया है.
वीडियो: शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ को मारने के लिए सुपारी दी गई? CBI की जांच में क्या सामने आया?






















