बंगाल में प्रचंड बहुमत से बीजेपी की सरकार बनी है. मुख्य विपक्षी पार्टी तृणमूल कांग्रेस में टूट हो चुकी है. निकट भविष्य में कोई चुनाव भी नहीं है. लेकिन पार्टी की मातृ संस्था कहने जाने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने बीजेपी को चेतावनी दी है. संघ का कहना है कि अगर जनता में ये मैसेज गया कि बीजेपी TMC जैसी ‘रेप्लिका’ (नकल) है, तो 90 फीसदी वोटर्स पार्टी से छिटक जाएंगे.
'...तो 90% वोटर्स छिटक जाएंगे', बंगाल में RSS ने बीजेपी को बड़ी चेतावनी दी
बंगाल में बीजेपी के लिए ऑल इज वेल चल रहा है. पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार है. TMC का बड़ा हिस्सा भी उनके साथ है. यानी सब तरफ से मैदान साफ है. लेकिन RSS की मानें तो पार्टी के सामने विपक्षी दलों से भी ज्यादा बड़ी चुनौती जनता के उठाए सवालों की है. अगर बीजेपी इसको नजरअंदाज करती है, तो वोटर्स पार्टी के पाले से दूर जा सकते हैं.

जनता के सवालों का जवाब देने का दबाव
‘स्वस्तिका’ RSS से जुड़ी एक बंगाली साप्ताहिक पत्रिका है. इसे राज्य में संघ का अनौपचारिक मुखपत्र माना जाता है. स्वस्तिका ने अपने लेटेस्ट एडिशन में कहा है कि बंगाल में बीजेपी के लिए असल चुनौती किसी विपक्षी दल का मजबूत होना नहीं, बल्कि जनता के उठाए सवालों का जवाब देना है. पत्रिका में लिखे एक आर्टिकल में कहा गया है,
बीजेपी को किसी विपक्षी दल से कोई चुनौती नहीं है, लेकिन जनता का सामना करने का दबाव है. यह दबाव किसी भी विपक्षी दल से ज्यादा मजबूत होता है.
'90 फीसदी वोटर्स छिटक सकते हैं'
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, आर्टिकल में इस बात पर जोर दिया गया है कि एक बार बंगाल की जनता जिस राजनीतिक पार्टी को चुनावी तौर पर खारिज कर देती है, तो उनकी वापसी नहीं हो पाती है. पत्रिका ने लिखा है,
15 सालों की भ्रष्ट सरकार (TMC) की विदाई हो चुकी है. वाम मोर्चा और कांग्रेस की बंगाल की राजनीति में कोई हैसियत नहीं रह गई है, ऐसे में बीजेपी के सामने अब खुला मैदान है. अगर 2 फीसदी वोटर्स भी यह महसूस करते हैं कि मौजूदा बीजेपी उन ठगों (TMC) की रेप्लिका है, जो 15 साल तक सत्ता में रहे, तो 90 फीसदी वोटर्स बीजेपी से छिटक जाएंगे.
ये भी पढ़ें - मेसी कोलकाता इवेंट के टिकट का रिफंड मिलेगा, बंगाल सरकार 33 हजार फैंस का पैसा लौटाएगी
इससे पहले स्वस्तिका पत्रिका ने अपने 17 अगस्त के एडिशन में छपे एक आर्टिकल के जरिए कहा था,
राज्य के औद्योगिक खेमे में अविश्वास का माहौल है, इसे दूर करना होगा. बीजेपी को पार्टी में घुसपैठ कर चुके 5 प्रतिशत गुंडो से छुटकारा लेना होगा.
बीजेपी ने जबरन वसूली और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लगभग 250 पार्टी मेंबर्स की पहचान की है. स्वस्तिका ने पार्टी के इस फैसले की तारीफ करते हुए ये बताया है कि इनमें 25 मेंबर्स को सस्पेंड कर दिया गया है.
वीडियो: चीनी महंगी होने को अच्छा क्यों बता रहे बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह और कैलाश विजयवर्गीय?













