कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party - CJP) की फैन फॉलोइंग और लोगों को मिल रहे सपोर्ट से अब विपक्षी दलों को भी बल मिलने लगा है. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने CJP के ग्रोथ के बहाने केंद्र की मोदी सरकार को निशाने पर ले रहे हैं. शशि थरूर ने कहा कि मुझे लगता है कि यह एक बड़ी बात है, क्योंकि इससे हमें यह पता चलता है कि लोगों में कितनी ज्यादा निराशा और असंतोष है. इस असंतोष को वो इस तरह की किसी भी पहल से जुड़कर जाहिर कर पा रहे हैं.
'कॉकरोच पार्टी ने हमें रास्ता दिखा दिया... बस भुनाना है', शशि थरूर की बात सुन विपक्ष खुशी में नाचेगा!
Shashi Tharoor ने Coackroach Janta Party को युवाओं की कुंठाओं को बाहर निकालने का एक बेहतरीन जरिया बताया है. शशि थरूर ने कहा कि NEET परीक्षा जाहिर तौर पर वह आखिरी तिनका साबित हुई जिसने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया.


'द इंडियन एक्सप्रेस' के साथ एक इंटरव्यू में, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि जाहिर है यह एक अचानक उठाया गया कदम था, लेकिन यह बहुत तेजी से वायरल हो गया. मेरा मानना है कि लोकतंत्र में यह एक बहुत ही अच्छी बात है कि लोगों के पास अपनी इच्छाओं को जाहिर करने के अलग-अलग तरीके होते हैं. और कोई ऐसी चीज जो व्यंग्यात्मक और मजेदार होने के साथ-साथ बेहद गंभीर भी हो, वह युवाओं की कुंठाओं को बाहर निकालने का एक बेहतरीन जरिया है.
CJP को अचानक से ये पुश मिला और या फिर किसी एक मुद्दे ने लोगों के गुस्से में आग में घी डालने का काम किया, इसे लेकर कई दिनों से अलग-अलग कयास लगाए जा रहे थे. माना जा रहा है कि सरकार की अलग-अलग नीतियों से नाराज लोगों के सब्र का बांध NEET पेपर लीक के बाद टूट गया. और कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी इसी ओर इशारा कर रहे हैं.
इंटरव्यू में शशि थरूर ने कहा कि NEET परीक्षा जाहिर तौर पर वह आखिरी तिनका साबित हुई जिसने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया, लेकिन मुझे लगता है कि इसके साथ-साथ बेरोजगारी, जीवन में सीमित अवसरों, शिक्षा, बढ़ती महंगाई और इन सब से निपटने की चुनौतियों को लेकर भी लोगों में आम तौर पर असंतोष था. फिर जब NEET (पेपर लीक) की घटना हुई, तो खासकर वे लाखों बच्चे जिन्होंने इसकी तैयारी में सालों बिताए थे, उन्हें जरूर लगा होगा कि अब उनकी सारी मेहनत बेकार चली गई. उनके लिए अचानक यह एहसास होना कि उन्हें यह सब कुछ फिर से दोहराना पड़ेगा, यकीनन बेहद दिल तोड़ने वाला अनुभव रहा होगा.
सरकार के साथ विपक्ष भी ‘असंतोष’ की वजहहालांकि CJP को लेकर अचानक से सोशल मीडिया पर बढ़े इस क्रेज से सिर्फ सत्ता पक्ष पर सवाल नहीं उठ रहे है. बल्कि विपक्ष को भी निशाने पर लिया जा रहा है. आरोप लग रहा है कि विपक्ष लोगों के मुद्दे को उस हिसाब और अग्रेशन से नहीं उठा पा रहा है. जिसकी उम्मीद लोग कर रहे हैं. यही वजह है कि जैसे ही CJP पार्टी बनी रातों-रात इसके फॉलोअर्स तेजी से बढ़ रहे हैं.
वहीं, विपक्ष पर लग रहे इन आरोपों से कांग्रेस सांसद शशि थरूर पूरी तरह से सहमत तो नहीं दिखे, लेकिन हां कुछ चीजों पर उन्होंने अपनी राय दी. उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस बात को लेकर निश्चिंत नहीं हो जाना चाहिए, क्योंकि हो सकता है कि लोग सिर्फ सत्ताधारी पार्टी से ही नहीं, बल्कि पूरे राजनीतिक तंत्र से ही निराश हों. विपक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती Gen Z और लोगों के असंतोष को मुख्यधारा की राजनीति में शामिल करना है. यह असंतोष किसी ऐसी छोटी-मोटी पार्टी की ओर न चला जाए जिसका कोई अस्तित्व ही न हो.
शशि थरूर ने CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि अभिजीत ने जो किया है, उससे मुझे लगता है कि उन्होंने हम बाकी लोगों को भी एक रास्ता दिखाया है कि एक ऐसा अवसर मौजूद है, जिसे हमें जरूर भुनाना चाहिए.
सोशल मीडिया पर ‘CJP’ ने गदर काट दिया6 दिन पहले बनी कॉकरोच जनता पार्टी के सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स बढ़ते ही जा रहे हैं. 22 मई की सुबह तक उनके इंस्टाग्राम पर करीब 19 मिलियन फाॅलोअर्स हो चुके हैं. इसी बीच पार्टी को 21 मई को तब झटका लगा जब इनका एक्स अकाउंट बंद हो गया. लेकिन पार्टी ने थोड़ी देर बाद ही नया अकाउंट बना लिया. इसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया और बायो में लिखा- “कॉकरोच डोंट डाय” यानी कॉकरोच मरते नहीं. नए अकाउंट से पहली पोस्ट 21 मई की दोपहर को 2 बजकर 29 मिनट को की गई. 22 मई की सुबह तक पार्टी के नए एक्स अकाउंट पर करीब एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए. CJI सूर्यकांत के ‘कॉकरोच’ वाले बयान के विरोध में बनी इस पार्टी के पुराने X अकाउंट पर 2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे.
वीडियो: Cockroach Janta Party ने कैसे कमबैक किया?




















