The Lallantop

'महान डिएगो माराडोना ने मेरा बलात्कार किया था'

महिला ने बताया- मैं 16 साल की थी, जबकि माराडोना 40 के थे.

Advertisement
post-main-image
अर्जेन्टीना के मशहूर फूटबाल खिलाड़ी डिएगो मैराडोना (तस्वीर: रॉयटर्स)
क्यूबा की एक महिला ने अर्जेन्टीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना (Footballer Diego Maradona) पर बलात्कार का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि करीब 2 दशक पहले 15-16 साल की उम्र में वो रेप का शिकार हुई थीं, और रेप करने वाला शख्स कोई और नहीं डिएगो माराडोना थे. महिला का नाम मेव्स अल्वारेज़ है. उन्होंने एक न्यूज कॉन्फ्रेन्स में दिवंगत फुटबॉलर पर ये आरोप लगाया. क्या है पूरा मामला? इंडिया टुडे के मुताबिक मेव्स अल्वारेज़ ने बताया कि साल 2001 में वो पहली बार माराडोना से हवाना में मिली थीं. उस वक्त माराडोना हवाना के एक क्लिनिक में अपनी ड्रग्स (Drugs) की लत का इलाज करवाने आए थे. अल्वारेज का आरोप है कि उसी दौरान माराडोना ने क्लिनिक में ही उनका रेप किया था. अल्वारेज के मुताबिक उस समय वो 16 साल की थीं, जबकि माराडोना 40 के थे.
अल्वारेज ने माना कि हालांकि उस घटना के बाद वो माराडोना के साथ रिलेशनशिप में रहीं, लेकिन अपनी आपबीती के बारे में कभी खुलकर सामने नहीं आईं. पहले भी मीडिया को दिए कई इंटरव्यू में पीड़िता अल्वारेज़ ने अपने और माराडोना के रिश्ते को कबूल किया था. अल्वारेज़ के मुताबिक माराडोना के साथ उन्होंने अपनी मर्जी से रिश्ता बनाया था. हालांकि अब उनका कहना है कि एक बार माराडोना ने उनके साथ जबरदस्ती की थी.
अल्वारेज के मुताबिक,
"उसने (माराडोना) हाथ से मेरा मुंह दबा दिया और मेरा बलात्कार किया था. मैं इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहती. उस हादसे के बाद से मैंने अपना बालपन खो दिया. मैंने अपनी मासूमियत खो दी. उस उम्र में लड़कियां जिन चीजों को महसूस करती हैं, जिंदगी को जीना सीखती हैं, वो सब अचानक से मेरे लिए खत्म हो गया था. ये बहुत मुश्किल था."
मेव्स अल्वारेज के इन दावों के बाद समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने माराडोना के वकील रहे मैतियस मॉर्ला से बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया. फिदेल कास्त्रो के करीबी थे माराडोना पीड़िता और डिएगो माराडोना के बीच उम्र का काफी ज्यादा अंतर था. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक शुरुआत में अल्वारेज का परिवार उनके इस रिश्ते के खिलाफ था. लेकिन बाद में जब उन्हें ये पता चला कि डिएगो माराडोना तत्कालीन क्यूबा के राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो (Fidel Castro) के दोस्त हैं, तो मजबूरन उनको इस रिश्ते को मंजूरी देनी पड़ी.
Footballer Dieogo Maradona and Cuban President Fidel Castro
                  फुटबॉलर डिएगो माराडोनाऔर क्यूबा के राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो (साभार: इंडिया टुडे)

रॉयटर्स के मुताबिक क्यूबा सरकार ने अभी इस माममले में कोई टिप्पणी नहीं की है. वहीं अल्वारेज़ ने अब जाकर इस हादसे की शिकायत करने की वजह बताते हुए कहा,
"मैं उन सभी महिलाओं की मदद करना चाहती हूं जो मानव तस्करी की शिकार हुई हैं. मैं किसी ना किसी तरीके से बस उनकी मदद करना चाहती हूं."
पत्रकरों से बातचीत करते हुए मेव्स अल्वारेज़ ने बताया कि अर्जेन्टीना में माराडोना को लोग चाहते हैं, वो उनके हीरो हैं. देश में हर जगह किसी न किसी रूप में वो मौजूद हैं. इसीलिए माराडोना ने उनके साथ जो किया, उसे याद करके उन्हें बेहद खराब लगता है.

Advertisement
Advertisement