The Lallantop

योगी के मंत्री को फोन पर धमकी, बोला- 'काम हो जाना चाहिए, नड्डा का आदमी हूं'

रामकेश निषाद योगी सरकार में जल शक्ति राज्यमंत्री हैं.

Advertisement
post-main-image
योगी सरकार में जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद और सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो: आजतक/PTI)

योगी सरकार में जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद (Ramkesh Nishad) को धमकी मिलने की खबर है. जानकारी के मुताबिक एक अनजान शख्स मंत्री से मिलने पहुंचा था. उसने खुद को BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (J. P. Nadda) के सहयोगी का भाई बताया था. उसने एक पर्ची पर कुछ कामों की लिस्ट दी थी और उन्हें जल्द पूरा कराने को कहा था. इसके बाद मंत्री को कई धमकी भरे वॉयस मैसेज किए गए. काम न कराने पर हाई कमान से शिकायत करने की धमकी दी गई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
अनजान नंबर से मैसेज आया था

रामकेश निषाद बांदा जिले की तिंदवारी विधानसभा सीट से विधायक हैं. आजतक के सिद्धार्थ गुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक मंत्री की ओर से थाने में धमकी मिलने की FIR दर्ज कराई गई है. मंत्री रामकेश निषाद के मोबाइल पर 1 जनवरी, 2023 को एक नंबर से बधाई का मैसेज आया था. इसके बाद 23 और 25 जनवरी को फिर उसी नंबर से मैसेज आया, 'मेरा भाई आपसे मिलने आ रहा है'. उसी दौरान 2 फरवरी को एक अज्ञात व्यक्ति उनसे मिलने पहुंचा.

अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सहयोगी आदित्य त्रिवेदी का भाई बताया था. फिर उसने एक पर्ची दी. पर्ची में कुछ काम कराने के बारे में लिखा था. उस व्यक्ति ने कहा कि पर्ची में लिखे काम कराए जाएं. ये कहकर वो वहां से चला गया था.

Advertisement
धमकी भरे वॉयस मैसेज आए

2 फरवरी को ही वॉट्सऐप पर उसी नंबर से धमकी भरे वॉयस मैसेज आए. पर्ची में लिखे कामों को कराने का दबाव बनाया गया. काम न कराने पर हाई कमान से शिकायत करने की धमकी दी गई थी. इससे मंत्री रामकेश निषाद घबरा गए. उन्होंने उस नंबर पर कई बार कॉल किया, लेकिन किसी ने भी फोन नहीं उठाया. फिर मंत्री ने Truecaller पर नंबर चेक किया. Truecaller पर वो नंबर आदित्य द्विवेदी जेपी नड्डा के नाम से दिखा रहा था. 

इसके बाद मंत्री ने अपने कार्यकर्ता को कोतवाली थाने भेजकर इसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई. थाना प्रभारी श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. नंबर को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है. 

वीडियो: अखिलेश यादव ने सीएम योगी को दिया चैलेंज, कहा- मेरे सामने बैटिंग करें, मिडिल स्टंप उड़ा दूंगा

Advertisement

Advertisement