The Lallantop

पहलवानों के मामले में बड़ा एक्शन, मैरी कॉम वाली कमेटी के खुलासे के बाद उठा कदम!

मैरी कॉम वाली कमेटी ने क्या बड़ा खुलासा किया था?

Advertisement
post-main-image
जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवान. (फोटो- ट्विटर)

नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन द्वारा यौन उत्पीड़न (PoSH) कानून के प्रावधानों का पालन न करने पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने फेडरेशन को एक नोटिस जारी किया है. आयोग ने अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट का स्वत: संज्ञान लेते हुए खेल निकायों और खेल मंत्रालय को नोटिस जारी किया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक NHRC ने भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को भी नोटिस भेजा है. NHRC ने इस मामले में चार हफ्ते में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. NHRC की तरफ से कहा गया कि PoSH कानून का पालन ना करना चिंता का विषय है, जो खिलाड़ियों के कानूनी अधिकार और सम्मान पर असर डाल सकता है.

इससे पहले, देश के कुछ शीर्ष पहलवानों ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर कई आरोप लगाए थे. इन आरोपों की जांच के लिए सरकार ने मैरी कॉम की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई थी. लेकिन कमेटी ने इन संस्था में इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी (ICC) के न होने की बात कही. PoSH, 2013 कानून के तहत ICC का होना अनिवार्य है.

Advertisement

वहीं 4 मई को इंडियन एक्सप्रेस की एक जांच में पता चला कि कुश्ती संघ इस कानून का उल्लंघन करने वाला अकेला नहीं था. भारत के 30 में से 16 स्पोर्ट्स फेडरेशन ने ICC वाले नियम का पालन नहीं किया था. NHRC ने खेल मंत्रालय, WFI, SAI, और BCCI को नोटिस जारी करने के अलावा 15 दूसरे स्पोर्ट्स फेडरेशन को नोटिस जारी किया है.

किसान भी समर्थन में पहुंचे

इधर, पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है और प्रदर्शन कर रहे हैं. ये लोग बृजभूषण की गिरफ्तारी और उन्हें भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग कर रहे हैं. पहलवानों को कई किसान संगठनों का भी साथ मिला है. जंतर-मंतर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन (BKU) के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा था कि संयुक्त किसान मोर्चा की मांग है कि 15 दिनों में बृजभूषण को गिरफ्तार किया जाए. टिकैत ने कहा था कि ये आंदोलन लंबा चलेगा, सबको तैयार रहना चाहिए. बड़े आंदोलन की तैयारी हो रही है.

टिकैत ने आगे कहा था कि खापों को प्रतिदिन ड्यूटी दी जाए, रोस्टर बनाया जाए. आंदोलन चलाने के लिए पहलवान समितियां, खाप-किसान संगठन समर्थन देंगे. इधर, बृजभूषण शरण सिंह ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को नकारा है.

Advertisement

वीडियो: जंतर-मंतर पर पहलवानों के साथ मीटिंग के बाद बोले राकेश टिकैत- तैयार रहो, आंदोलन लंबा चलेगा

Advertisement