The Lallantop

आपके पास 2000 का नोट है? इन अफवाहों में मत पड़ना, लंबा फंस जाएंगे!

सारे अफवाहों का जवाब मिल गया.

Advertisement
post-main-image
2000 के नोट से जुड़ी हर जानकारी (सांकेतिक फोटो)

19 मई को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने घोषणा कर बताया था कि 2000 के नोट अब सर्कुलेशन से बाहर हो जाएंगे. यानी बैंक या एटीएम से आपको ये नोट नहीं मिलेंगे. RBI के मुताबिक, ये नोट 30 सितंबर तक लीगल टेंडर रहेंगे. इन नोट्स को अक्टूबर 2023 से पहले बैंक से एक्सचेंज किया जा सकता है. हालांकि इस घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें उड़ने लगी हैं. सरकार ने इन सभी अफवाहों पर सफाई दी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

एक अफवाह ये है कि 2000 के नोट की "नोटबंदी" हो गई है. जैसा 2016 में 500 और 1000 के नोट के साथ हुआ था. पर सरकार ने बताया है कि ऐसा नहीं है. MyGovIndia ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि 30 सितंबर के बाद भी ये नोट लीगल टेंडर रहेंगे. हालांकि, सरकार और RBI लोगों को प्रोत्साहित कर रही है कि वो इस कटऑफ डेट से पहले इस नोट को एक्सचेंज कर लें.

Advertisement

सोशल मीडिया और वॉट्सऐप पर एक और अफवाह ये है कि इस नोट को एक्सचेंज करने के लिए पैसे देने होंगे. सरकार ने साफ कर दिया है कि ऐसा नहीं है. नोट्स एक्सचेंज करने के लिए एक पैसा भी नहीं देना है. हालांकि, एक बार में 10 ही नोट एक्सचेंज किए जाने का प्रावधान है. सोशल मीडिया पर ये भी फैलाया गया कि जिस बैंक में आपका अकाउंट है, सिर्फ वही बैंक आपके नोट एक्सचेंज करेगा. ऐसा नहीं है. कोई भी बैंक ये नोट एक्सचेंज कर सकता है, चाहे उसमें आपका अकाउंट हो या ना हो.

बताते चलें, सात साल पहले, 8 नवंबर 2016 को मोदी सरकार ने 500 और 1000 रुपये के नोटों को अचानक बंद कर दिया था. उसका कहना था कि इससे काले धन और आतंकी फंडिंग पर रोक लगेगी. पुराने नोटों के बदले 500 और 2000 रुपये के नए नोट लाए गए थे. लंबे समय से ये खबर आ रही थी कि 2000 के नोटों की छपाई नहीं हो रही है.

RBI ने प्रेस रिलीज में बताया है,

Advertisement

"2000 के नोट RBI एक्ट की धारा-24(1) के तहत नवंबर 2016 में लाए गए थे. इसे मुख्य रूप से 500 और 1000 के नोट बंद होने से मार्केट में नोटों की जरूरतों को पूरा करने के लिए लाया गया था. जब दूसरे नोट मार्केट में पर्याप्त रूप से उपलब्ध हो गए तो 2000 के नोट लाने का मकसद पूरा हो गया. इसलिए 2018-19 में 2000 के बैंक नोट की छपाई बंद हो गई."

बैंकों के अलावा RBI की 19 क्षेत्रीय शाखाओं में भी नोट एक्सचेंज किए जा सकेंगे. RBI ने बैंकों को सलाह दी है कि वे 2000 के नोट तत्काल प्रभाव से जारी करना बंद कर दें. 19 मई को RBI ने एक और जानकारी दी. वो ये कि 2000 के 89 फीसदी नोट मार्च 2017 से पहले जारी हुए थे. मार्च 2018 के दौरान कुल 6 लाख 73 हजार करोड़ रुपये के 2000 नोट मार्केट में मौजूद थे. ये पीक था. वहीं, मार्च 2023 में सिर्फ 3 लाख 62 हजार करोड़ रुपये के नोट बचे रह गए.

वीडियो: सुर्खियां: RBI ने 2000 का नोट बंद किया, सरकार ने इस बार क्या वजह बताई?

Advertisement