आर्यन खान को क्रूज़ पर मैंने नहीं देखा न ही ड्रग्स के बारे में कोई जानकारी है- काशिफ खान
ये कहना गलत नहीं होगा कि मुंबई क्रूज़ ड्रग्स केस अब एक ड्रामा बना चुका है जिसके रोज नए एपिसोड सामने आ रहे हैं. शुक्रवार 29 अक्टूबर को इस बहुचर्चित ड्रामे का नया एपिसोड सामने आया. आप सही पकड़े हैं. महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक इस स्कैंडल में एक और किरदार लेकर आए हैं. आपको याद होगा बुधवार 27 अक्टूबर को नवाब मलिक ने ट्वीट कर एनसीबी जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े को लेकर नया सस्पेंस क्रिएट कर दिया था. इसमें उन्होंने किसी 'दाढ़ीवाले' का जिक्र किया था और कहा था कि ये शख्स एक इंटरनेशनल माफिया है. शुक्रवार 29 अक्टूबर को नवाब मलिक ने इस सस्पेंस पर से पर्दा उठाया. बताया कि इस शख्स का नाम काशिफ खान है.
क्या बोले नवाब मलिक?
नवाब मलिक का कहना है कि काशिफ खान फैशन टीवी इंडिया के हेड हैं. देशभर में फैशन शो ऑर्गनाइज कराते हैं. ये तो इंट्रोडक्शन था. आगे आरोपों की झड़ी है. नवाब मलिक ने आरोप लगाया कि काशिफ खान के NCB के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े से संबंध हैं. काशिफ खान सेक्स रैकेट चलाते हैं. मंत्री के मुताबिक रेड वाले दिन क्रूज पर एक पार्टी काशिफ खान ने भी दी थी. इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों को इनवाइट भी किया था.
काशिफ खान की सफाई
नवाब मलिक के आरोपों के बाद काशिफ खान मीडिया के सामने आए. उन्होंने बताया कि वो फैशन टीवी में बतौर सीनियर एक्जीक्यूटिव काम करते हैं और 2 अक्टूबर के दिन क्रूज पर गए थे. हालांकि काशिफ खान ने एनसीपी नेता के आरोपों को खारिज किया है. आजतक से बात करते हुए काशिफ़ खान ने कहा कि उन पर लगाए जा रहे सारे आरोप बेसलेस हैं. उनका किसी भी तरह से ड्रग्स रैकेट और पॉर्न से कुछ लेना देना नहीं है. काशिफ़ खान ने कहा
“मैं उस पार्टी का ऑर्गनाइजर नहीं था. उस पार्टी को ऑर्गनाइज करने वाली दिल्ली की कोई कंपनी थी. फ़ैशन टीवी इंडिया उस पार्टी का ऑर्गनाइजर नहीं था. में वहां एक “प्रायोजक” के तौर पर शामिल था. मैं खुद टिकट लेकर वहां गया था. अपने क्रेडिट कार्ड से मैंने खाने और कमरे का बिल पे किया था.”
काशिफ ने आगे कहा,
“माननीय मंत्री नवाब मलिक को भ्रमित किया जा रहा है. जो भी उन्हें ये सब जानकारियां दे रहा है वो सब ग़लत हैं. मैं उनसे गुज़ारिश करता हूं कि वो सही तथ्यों को देखें. मेरा आज तक किसी भी तरह से पॉर्न या ड्रग्स से कोई संबंध नहीं रहा है."
आर्यन खान को पार्टी में नहीं देखा
आर्यन खान से जुड़े सवाल पर काशिफ खान ने बताया कि उन्होंने शाहरुख खान के बेटे को क्रूज़ पर नहीं देखा. उन्होंने कहा,
"मैंने उन्हें (आर्यन खान) नहीं देखा. न ही ड्रग्स के बारे में मुझे कोई जानकारी है. मैं वहां सिर्फ़ एक प्रायोजक के तौर पर गया था."
नवाब मलिक ने काशिफ पर ये आरोप भी लगाया है कि वो समीर वानखेड़े के करीबी हैं. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए काशिफ़ कहते हैं,
"मैं समीर वानखेड़े से कभी नहीं मिला. न ही उनसे किसी भी तरह की कोई बात हुई है."
इसके अलावा काशिफ़ ने कहा कि वो किसी भी तरह की जांच में सहयोग करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उधर नवाब मलिक भी तैयार होंगे. कोई नया दावा करने के लिए. देखते हैं उनके निशाने पर अगले कुछ काशिफ खान रहते हैं या कोई और लपेटे में आने वाला है.