The Lallantop

PM मोदी पहली बार स्टेट विजिट पर अमेरिका जा रहे, इसमें क्या-क्या खातिरदारी होती है?

21 तोपों की सलामी, व्हाइट हाउस के बगल वाला बंगला और क्या होता है स्टेट विजिट में?

Advertisement
post-main-image
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पहली स्टेट विजिट पर अमेरिका गए हैं | फाइल फोटो: आजतक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) अमेरिका के पहले राजकीय दौरे (state visit) पर मंगलवार, 20 जून की सुबह रवाना हो गए. ये उनकी पहली स्टेट विजिट है. पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) और वहां की फर्स्ट लेडी जिल बाइडन (Jill Biden) के न्योते पर अमेरिका गए हैं. उनकी इस विजिट की खास बात ये है कि वो दूसरी बार अमेरिकी संसद के निचले सदन - अमेरिकी कांग्रेस - की एक संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे. मोदी ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे. पीएम मोदी लगभग छह बार अमेरिका का द्विपक्षीय और आधिकारिक दौरा कर चुके हैं. लेकिन, इस बार वो स्टेट विजिट पर अमेरिका गए हैं, जो सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण विजिट मानी जाती है. इससे पहले भारतीय प्रधानमंत्री के तौर पर केवल मनमोहन सिंह ही स्टेट विजिट पर अमेरिका गए थे. आइए जानते हैं कि स्टेट विजिट में ऐसा क्या ख़ास होता है कि अमेरिका गिने-चुने राष्ट्र प्रमुखों को ही इसका न्योता देता है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
स्टेट विजिट में अलग क्या होता है?

इंडिया टुडे से जुड़े आलोक रंजन के मुताबिक स्टेट विजिट एक देश के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री का आधिकारिक दौरा होता है. इस दौरे में सबसे प्रमुख बात ये है कि इसमें जिस देश का दौरा किया जाना है, उसके प्रमुख को ही निमंत्रण भेजना होता है. इस विजिट में मेजबान देश अपने अतिथि का सबसे बेहतर ढंग से स्वागत और सत्कार करता है. यात्रा के खर्च के साथ-साथ दौरे के दौरान रहने और खाने का जो भी खर्च होता है, सब मेजबान देश ही वहन करता है.

अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक गेस्ट हाउस का नाम है 'ब्लेयर हाउस'. ये आलिशान बंगला व्हाइट हाउस के बिलकुल बगल में बनाया गया है. स्टेट विजिट पर आए अतिथि इसी बंगले में रुकते हैं. इस दौरान अमेरिका अतिथि के स्वागत के लिए कई तरह के कार्यक्रम आयोजित करता है. बाकायदा अमेरिकी सेना का बैंड मेहमान देश और अमेरिका का राष्ट्रगान बजाता है. दोनों देशों के राष्ट्र प्रमुख इस दौरान एक-दूसरे को गिफ्ट्स देते हैं. परंपरा के तहत अमेरिका अपने यहां आए अतिथि के सम्मान में एक राजकीय रात्रि भोज का भी आयोजन करता है.

Advertisement
पीएम मोदी/जो बाइडेन (फाइल फोटो)
पीएम नरेंद्र मोदी और जो बाइडन (फाइल फोटो)

स्टेट विजिट के दौरान कुछ आयोजन होते ही होते हैं. इन आयोजनों में अमेरिका के राष्ट्रपति के साथ एक बैठक, व्हाइट हाउस में राजकीय लंच, 21 तोपों की सलामी, व्हाइट हाउस के साउथ ग्राउंड पर अतिथि के आने और वापस जाने पर सम्मान समारोह का आयोजन शामिल है.

अमेरिका में कितने तरह के दौरे होते हैं?

अमेरिकी विदेश विभाग की गाइडलाइंस के मुताबिक अमेरिका में 5 तरह के अलग-अलग दौरे होते हैं, जिनके तहत दूसरे देश के टॉप अधिकारी और नेता अमेरिका आते हैं. इन्हें राजकीय यात्रा, आधिकारिक यात्रा, आधिकारिक कार्य यात्रा, कार्य यात्रा और निजी यात्रा में बांटा गया है. अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक इन सब में राजकीय यात्रा (स्टेट विजिट) सर्वोच्च रैंकिंग वाला दौरा माना गया है. ऐसा इसलिए है क्योंकि इसका निमंत्रण अमेरिकी राष्ट्र्पति की कलम से लिखा जाता है.

पीएम मोदी के कार्यक्रम का शेड्यूल21 जून

पीएम मोदी न्यूयॉर्क में स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे. इस समारोह में इंटरनेशनल सिंगर मैरी मिलबेन भी शामिल होंगी. योग दिवस पर इस कार्यक्रम में 180 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. इस दिन अमेरिका भविष्य के लिए कौशल विकास पर एक कार्यक्रम भी होगा.

Advertisement
22 जून

जो बाइडेन और जिल बाइडेन 21 तोपों की सलामी के बीच प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे. ऐतिहासिक यात्रा के दौरान वॉसिंगटन डीसी में स्थित व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में एक भव्य स्वागत समारोह होगा. इस स्थान पर ही रात के समय राजकीय रात्रिभोज होगा. जिसकी मेजबानी जो बाइडेन और उनकी पत्नी करेंगी. 7000 से ज्यादा भारतीय अमेरिकी इसमें शामिल हो सकते हैं. प्रधानमंत्री अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे. उन्हें यूएस कांग्रेस के नेताओं ने आमंत्रित किया है, जिसमें प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष केविन मैकार्थी और सीनेट के नेता चार्ल्स शूमर शामिल रहेंगे.

23 जून

उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन राज्य विभाग के फोगी बॉटम मुख्यालय में पीएम मोदी के साथ दोपहर का भोजन करेंगे. भारतीय मूल के लोग रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग में प्रधानमंत्री के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेंगे. प्रधानमंत्री प्रमुख सीईओ, पेशेवरों और अन्य हितधारकों के साथ कई क्यूरेटेड इंटरैक्शन का कार्यक्रम में शामिल होंगे.

24-25 जून

24 जून को पीएम मोदी का अमेरिकी दौरा खत्म होगा. 25 जून को मोदी मिस्र की राजकीय यात्रा पर काहिरा पहुंचेंगे. इसका निमंत्रण जनवरी 2023 में भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने दिया था.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: राहुल गांधी ने लगाया मोदी सरकार पर PSUs में नौकरियां ख़त्म करने का आरोप!

Advertisement