उमेश पाल मर्डर केस में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. लेकिन खबर है कि अब तक की पूछताछ में अतीक और अशरफ ने पुलिस को किसी भी सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया है. आजतक के संतोष शर्मा की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अतीक अहमद ने पुलिस से ही सवाल किया है. अतीक ने पूछा कि उसका वो मोबाइल कहां है, जिससे वो साबरमती जेल के अंदर से बात कर रहा था. अतीक ने कहा कि पुलिस अगर वो मोबाइल दिखा दे, जिससे वो और अशरफ बात करते थे, तब वो सारे सवालों का जवाब दे देगा.
"वो फोन कहां है जिससे मैं जेल से बात करता था", अतीक पुलिस से ही सवाल करने लगा
पूछताछ में अतीक ने क्या-क्या बताया?


रिपोर्ट के मुताबिक अतीक ने कहा कि उसके खिलाफ सारे सबूत झूठे हैं और पुलिस ने गढ़े हैं. अतीक ने कहा कि बेसिर-पैर की कहानी बनाकर उसके परिवार का नाम घसीटा गया है. मुंशी राकेश लाला और नौकर कैश अहमद की निशानदेही पर बरामद कैश और असलहों पर अतीक अहमद का कहना था कि पुलिस के सामने चाहे जिससे जो कबूल करा लो, सच्चाई तो इंसान अदालत के सामने बोलता है.
वहीं बरेली जेल में अतीक के बेटे असद से मुलाकात पर अशरफ ने कहा, 'वो मेरा भतीजा था, मेरे जिगर का टुकड़ा था, अपने चाचा को मिलने नहीं आ सकता.'
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अब तक की पूछताछ में अतीक और उसके भाई अशरफ ने किसी भी सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया. हर सवाल पर अतीक अहमद और अशरफ ने एक ही जवाब दिया, 'हमें नहीं मालूम, हम तो जेल में बंद थे.'
अतीक और अशरफ को 26 अप्रैल तक प्रयागराज की नैनी जेल में रखा जाएगा. रिमांड खत्म होने के बाद अशरफ को बरेली जेल में और अतीक को साबरमती जेल पहुंचाया जाएगा.
उमेश पाल अपहरण मामले में अतीक अहमद को उम्रकैद की सजा हो चुकी है. 28 मार्च को कोर्ट ने इस मामले में अतीक के भाई अशरफ अहमद सहित सात आरोपियों को आरोपों से मुक्त कर दिया था. 13 अप्रैल को उमेश पाल की हत्या के केस में अतीक अहमद को प्रयागराज कोर्ट में पेश किया गया था. साथ ही उसके भाई खालिद आजिम उर्फ अशरफ की भी पेशी थी. उमेश पाल मर्डर केस में अशरफ सहित अतीक के परिवार के कई सदस्य आरोपी हैं.
13 अप्रैल को ही पुलिस ने जानकारी दी थी कि उमेश पाल हत्याकांड में नामजद अतीक के बेटे असद की एनकाउंटर में मौत हो गई. इसमें असद के एक सहयोगी गुलाम की भी मौत होने की जानकारी दी गई थी. यूपी पुलिस उमेश पाल की हत्या वाले दिन यानी 24 फरवरी से असद की तलाश कर रही थी.
वीडियो: अतीक का बेटा असद, सतीश पांडेय के घर छिपा था, महिला रोकर सीएम योगी से क्या बोली?






















