पश्चिम बंगाल (West Bengal) के हावड़ा जिले में कूड़े में 17 भ्रूण मिलने से हंगामा मच गया है. मामला जिले के उलुबेरिया इलाके का है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक ये भ्रूण उलुबेरिया नगरपालिका के वार्ड नंबर 31 के तहत आने वाले बानीबाला खारा इलाके में कूड़ेदान में मिले हैं. मामला सामने आने के बाद हुई जांच में पता चला है कि इन 17 भ्रूणों में से 10 फीमेल थे और 6 मेल.
बंगाल: कूड़े में एक साथ मिले 17 भ्रूण, देखने वाले हिल गए!
ये मृत भ्रूण पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के उलुबेरिया इलाके में मिले हैं.


स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक मंगलवार सुबह इलाके में सफाईकर्मी अपना काम कर रहे थे, उसी दौरान उन्हें थैले में ये मृत भ्रूण कूड़े में मिले. उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दे दी. देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई. लोगों ने नगरपालिका और पुलिस को इसकी जानकारी दी. बाद में नगरपालिका के अधिकारियों ने मृत भ्रूणों वाला थैला रिकवर किया और उसे उलुबेरिया सब-डिविजनल अस्पताल भेज दिया गया.
इंडिया टुडे से जुड़े बैद्यनाथ झा ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि उलुबेरिया नगरपालिका के रिकॉर्ड के मुताबिक इस इलाके के डेढ़ किलोमीटर के दायरे में 30 प्राइवेट नर्सिंग होम चल रहे हैं. कूड़ेदान में भ्रूणों के मिलने के बाद पुलिस ये जानने में लगी है कि क्या इन्हें नर्सिंग होम्स ने मेडिकल वेस्ट की तरह फेंक दिया था. रिकवरी के बाद इन भ्रूणों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. वहीं इलाके की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
भ्रूणों के मिलने के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक लोगों का आरोप है कि प्राइवेट नर्सिंग होम इस तरह के काम में शामिल रहे हैं और नगरपालिका के अधिकारियों की इसमें मिलीभगत है. मौके पर पहुंचे नगरपालिका के अधिकारियों को आम लोगों ने घेर लिया. कहा कि ऐसा पहले भी होता रहा है. लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकारी उनकी शिकायत की अनदेखी करते हैं. उन्होंने विरोध जताते हुए पुलिस और नगरपालिका से इसकी शिकायत की है. वहीं नगरपालिका ने उनकी मांग मानते हुए सख्त कदम उठाने की बात कही है.
हालांकि उलुबेरिया म्युनिसिपैलिटी के वाइस चेयरमैन इनामुर रहमान ने कहा है कि इस तरह की घटनाएं किसी नर्सिंग होम द्वारा नहीं की जातीं. उनके मुताबिक ऐसा लगता है कि भ्रूणों को कहीं और से लाकर यहां फेंक दिया गया है. रहमान ने बताया कि मामले की जांच के लिए समिति बना दी गई है, जिसकी मीटिंग सोमवार को होगी. वहीं हावड़ा ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि भ्रूणों की जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी. अगर रिपोर्ट में कुछ आपत्तिजनक निकला तो दोषियों के खिलाफ ऐक्शन लिया जाएगा.
पश्चिम बंगाल के लड़के कंडोम की भाप से कर रहे नशा


















