भारतीय सेना को लेकर हमेशा कई सारी तस्वीरें शेयर की जाती रही हैं. कई बार ये तस्वीरें दूसरे देशों की सेनाओं की होती हैं लेकिन इन्हें भारतीय सेना की बताकर शेयर कर दिया जाता है. ऐसी ही कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं. इस फोटो में दो तस्वीरों को जोड़कर एक बनाया गया है. इसमें सेना की वर्दी पहने दो लोग दिखाई दे रहे हैं. एक सैनिक हाथ में बंदूक लिए बैठे और दूसरा लेटे हुए दिख रहे हैं. इनके ऊपर बर्फ की चादर बनी हुई है. इस फोटो पर लिखा है- सियाचीन ग्लेशियर में भारतीय सैनिक की रात की तस्वीर. भारतीय सेना को सलाम जय हिंद. कई सारे अलग-अलग फेसबुक पेज और ग्रुप्स में ये फोटो शेयर हो रहा है.
सियाचिन की बताई जा रही सैनिकों की फोटो असल में कहां की है?
इस फोटो को किरन खेर और श्रद्धा कपूर तक ने शेयर किया है.



फेसबुक पर एक ग्रुप में शेयर की गई एक फोटो.
इसी फोटो का एक अंग्रेजी वर्जन भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस तस्वीर में यही दोनों फोटो लगे हैं. इस पर लिखा है- Night stay of Indian soldiers at Siachen Glacier. Respect & salute to Indian Army. Feel proud to share this picture.

किरन खेर का ट्वीट.
इसका मतलब भी कमोबेश वही है. इस तस्वीर को 2017 में किरन खेर और श्रद्धा कपूर जैसे सेलेब्रिटीज ने शेयर किया था. ये मेसेज सर्दियों के मौसम में फिर से तेजी से वायरल होने लगा है.

श्रद्धा कपूर का ट्वीट.
सच्चाई क्या है?
फैक्ट चेकिंग साइट बूमलाइव
ने इस फोटो के बारे में पता किया. ये फोटो पहली बार 2012 में वायरल होने लगा था. ये फोटो रूस-यूक्रेन के गतिरोध के समय का है. फैक्ट चैकिंग साइट स्टॉप फेक
के मुताबिक ये फोटो रूसी सैनिकों की है. भारतीय सैनिकों की बताकर शेयर की जा रही ये तस्वीरें रूसी सैनिकों की हैं.

रूसी वेबसाइट पर लगी फोटो.
भारतीय सैनिक सियाचिन और दूसरी दुर्गम जगहों पर जिस जज्बे के साथ अपनी सेवाएं देते हैं उसे दिखाने के लिए किसी भी तरह की फर्जी तस्वीरों का सहारा लेने की जरूरत नहीं है. भारतीय सेना के काम को दिखाने के लिए गलत तस्वीरों का प्रचार करना गलत है. दी लल्लनटॉप ने राजस्थान चुनाव यात्रा के दौरान कुछ पूर्व सैनिकों से बात की थी. उनमें से जो सियाचिन में पोस्टेड थे, उन्होंने अपने वास्तविक अनुभव बताए. तो आप ये फर्जी तस्वीर छोड़कर असली अनुभव जान लीजिए.
और अगर आपके पास भी ऐसी कोई पोस्ट, फोटो, वीडियो या मैसेज है जिस पर आपको शक है तो आप उसे lallantopmail@gmail.com, फेसबुक पर हमारे वेरिफाइड पेज The Lallantop
और हमारे वेरिफाइड ट्विटर हैंडल @TheLallantop
पर भेज सकते हैं. हम उसकी पड़ताल कर सच्चाई पता करेंगे.
वीडियो- रिटायर्ड फौजी ने बताया कि सियाचीन में फौज क्यों जरूरी है?



















