The Lallantop

'सबकुछ चुपचाप सहना पड़ा', बृजभूषण पर विनेश के नए आरोप बवाल और बढ़ा देंगे!

'सबकुछ चुपचाप सहना पड़ा, आंसू बहाए हैं.'

Advertisement
post-main-image
विनेश बोली, सांसद बृजभूषण शरण को क्यों बचाया जा रहा है? (फोटो- PTI)

यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan singh) के खिलाफ पहलवानों का प्रदर्शन (Wrestlers Protest) जारी है. एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) ने एक बार फिर से WFI अध्यक्ष को बचाए जाने के आरोप लगाए हैं. इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में विनेश ने बताया कि अन्य लड़कियों की तरह उन्हें भी चुपचाप इतने साल सब कुछ सहना पड़ा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

विनेश ने अखबार को बताया कि जनवरी में बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का फैसला किया था. उन्हें लगा कि न्याय मिलने में दो से तीन दिन से ज्यादा नहीं लगेंगे. विनेश ने बताया कि उन्होंने नहीं सोचा था कि महिला पहलवानों के सम्मान के लिए फिर से विरोध प्रदर्शन करना पड़ेगा. 

‘न्याय नहीं तो मेडल जीतने का मतलब नहीं’

विनेश फोगाट ने आगे कहा कि अगर आप न्याय के लिए नहीं लड़ सकते तो मेडल जीतने का क्या मतलब है? उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स नजदीक हैं. गेम्स में उन्हें भारत को रिप्रजेंट करना है और मेडल जीतने हैं. लेकिन ये एक बड़ी लड़ाई है.

Advertisement

शिकायत करने वाली पहलवानों के बारे में बोलते हुए विनेश ने कहा कि यौन उत्पीड़न के बारे में बार-बार बात करना शिकायतकर्ताओं के लिए यातना जैसा है. उन्हें यौन उत्पीड़न के बारे में एक बार नहीं बल्कि कई बार बात करनी पड़ी है. कभी ओवरसाइट कमेटी से, कभी पुलिस और कभी भारतीय ओलंपिक संघ की कमेटी के सामने.

नहीं छोड़ेंगे जंतर-मंतर

विनेश फोगाट ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में बताया कि कई अन्य लड़कियों की तरह उन्हें भी बृजभूषण सिंह के कारण इतने साल चुपचाप सहना पड़ा. उन्होंने कहा कि उनके पास कोई विकल्प नहीं था. फोगाट ने सवाल करते हुए कहा कि सांसद बृजभूषण शरण को क्यों बचाया जा रहा है? 

पहलवानों के प्रदर्शन को जारी रखने की बात पर बोलते हुए विनेश ने कहा कि जब तक बृजभूषण सिंह को गिरफ्तार नहीं किया जाता है जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीने तनावपूर्ण रहे हैं और उन्होंने आंसू बहाए हैं. लेकिन वो जानती हैं कि महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए ये एक लंबी लड़ाई हो सकती है और वो कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं.

Advertisement

विनेश फोगाट ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर पर भी आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि ठाकुर ने पहलवानों का अपमान किया है. विनेश ने कहा कि जब यौन उत्पीड़न की शिकार पहलवानों ने खेल मंत्री को अपनी आपबीती सुनाई तो उन्होंने उनकी आंखों में आंखें डालकर सबूत मांगे. फोगाट ने बताया कि ओवरसाइट कमेटी के सदस्यों ने भी ऐसा ही किया. 

वीडियो: IAS टीना डाबी ने पाकिस्तानी हिंदुओं के घर पर बुलडोजर चलवाने के बाद अब क्या कर दिया?

Advertisement