.
अब बात यहां तक बढ़ चुकी है कि भारत लाए जाने के बाद माल्या 'जी' को किस जेल में रखा जाएगा और उनकी सुविधाओं को लेकर लंदन की कोर्ट के सामने भारतीय एजेंसियों ने क्या-क्या वादे किए हैं. कुछ क्विक बिंदुओं में आइए इनके बारे में जानते हैं.
>>1. भारत लाए जाने की स्थिति में विजय माल्या का नया ठिकाना होगी मुंबई की आर्थर रोड जेल. उनको यहां बैरक नंबर 12 में रखा जाएगा. माल्या के प्रत्यर्पण की सुनवाई करने वाली लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट को भारतीय एजेंसियों ने एक रिकॉर्डेड वीडियो मुहैया कराया. इसमें कहा गया कि आर्थर रोड जेल की बैरक नंबर 12 में हवा और रोशनी का पूरा इंतजाम है. असल में, माल्या के वकीलों ने लंदन की अदालत के सामने इस जेल की दुर्दशा के बारे में सवाल उठाया था. माल्या के वकीलों का कहना था कि ये जेल माल्या के रहने लायक नहीं है.

विजय ने कहा है कि वे इस नैरेटिव को गलत साबित करना चाहते हैं कि उन्होंने चोरी की है. ये भी कहा है कि वे हर कर्जदाता और कर्मचारी का 100 परसेंट सेटलमेंट करना चाहते हैं.
>>2. इस वीडियो को देखने के बाद लंदन की अदालत ने कहा कि बैरक नंबर 12 की हालत अच्छी नजर आ रही है. जिस सेल में माल्या को रखा जाएगा, वो 3 वर्गमीटर से ज्यादा बड़ी है. इसकी छत काफी ऊंची है. इसमें हवा और रोशनी का इंतजाम ठीक है. बैरक में सूरज की रोशनी आ जाएगी, पंखे बंद कर दिए जाएंगे. तो माल्या को इससे कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए.
>>3. लंदन की कोर्ट ने भारतीय एजेंसियों के उस भरोसे को भी मान लिया, जिसमें कहा गया था कि बैरक में माल्या को कॉटन की एक चटाई, एक तकिया, बेडशीट और एक कंबल दिया जाएगा. उनकी सेहत को देखते हुए एक बेड भी उपलब्ध कराया जाएगा.
>>4. लंदन कोर्ट ने उनको पर्याप्त पानी भी देने को कहा है. माल्या के डाक्टरों ने उन्हें दिन में 3 लीटर पानी पीने की सलाह दी है.
>>5. अदालत ने माल्या के लिए उनकी सेल में एक साफ-सुथरे अटैच्ड बाथरूम की व्यवस्था करने को कहा है.
>>6. अदालती आदेश में कहा गया है कि माल्या के लिए भारतीय अदालत में 24 घंटे सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त रखे जाएं. माल्या की सुरक्षा में एक सुरक्षा अधिकारी भी रहेगा.
>>7. उनको दूसरे बंदियों के साथ नहीं रखा जा सकेगा.
>>8. भारतीय अदालत की इजाजत मिलने पर माल्या घर का खाना भी मंगवा और खा सकेंगे.
>>9. सेहत संबंधी प्रॉब्लम होने पर माल्या को जेल के बाहर से डॉक्टर और नर्स भी बुलवाने की छूट रहेगी.

विजय माल्या लंदन कोर्ट द्वारा प्रत्यर्पण के फैसले के बाद क्या करते हैं वो जल्द ही ज्ञात होगा.
>>10. आर्थर रोड जेल की बैरक नंबर 12 में फिल्म अभिनेता संजय दत्त, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री छगन भुजबल, शीना बोरा मर्डर केस के आरोपी पीटर मुखर्जी और 26/11 आतंकी हमले के एक मात्र जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल आमिर कसाब को रखा भी जा चुका है. फिलहाल यहां पीटर मुखर्जी बंद हैं.
>>11. इस बैरक के हर सेल में एक खिड़की है. क्रॉस वेटिंलेशन के लिए सामने की दीवार पर सलाखें हैं. बैरक 12 में आंगन है. इससे कैदियों को सूरज की सीधी रोशनी मिलती है. बैरक के सभी सेल सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हैं. सेल के अंदर और बाहर 24 घंटे सुरक्षाकर्मी पहरेदारी करते हैं. बैरक नंबर 12 में आमतौर पर हाई प्रोफाइल कैदी रखे जाते हैं. बैरक 12 जैसी स्पेशलाइज्ड सेल में एक ही कैदी रखा जाता है. बैरक ग्राउंड प्लस वन बनी है. इसके हर फ्लोर पर आठ सेल हैं.
>>12. सभी सेल के अंदर अलग-अलग अटैच टॉयलेट, कपड़े धोने की जगह और खुले आंगन हैं. हर सेल में कमोड है. कैदियों को एक गद्दा, एक तकिया और एक बेडशीट दी जाती है. भोजन के लिए मेलामाइन के बर्तन दिए जाते हैं. कैदियों को 24 घंटे में चार बार खान-पान उपलब्ध कराया जाता है. सुबह 6 बजे से 7 बजे के बीच नाश्ता. फिर दोपहर में भोजन. शाम 4.30 बजे के करीब स्नैक्स और शाम 7 बजे रात का भोजन मिलता है.
























