The Lallantop

एक और श्रीकांत त्यागी? अब बनारस में कब्ज़ाजीवी बन गया बीजेपी नेता

सोसायटी की महिलायें BJP नेता से परेशान, सड़क पर उतरीं

Advertisement
post-main-image
BJP नेता अखंड सिंह के खिलाफ प्रदर्शन करती महिलाएं | फोटो: रोशन जायसवाल/आजतक

नोएडा (Noida) के ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी (Grand Omaxe Society) में श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) का मामला इन दिनों सुर्खियों में है. ये मामला अभी चल ही रहा है कि वाराणसी (Varanasi) में इसी तरह का एक मामला सामने आ गया है. वाराणसी के कैंट क्षेत्र में वरुणा एन्क्लेव सोसायटी (Varuna Enclave Society varanasi) की महिलाएं कई दिनों से प्रदर्शन कर रही हैं. महिलाओं का आरोप है कि सोसायटी में रह रहे भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अखंड सिंह ने सोसायटी में अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है. महिलाओं का कहना है कि अखंड सिंह ने जमीन पर अवैध कब्जा कर वहां अपना ऑफिस बना लिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
वाराणसी की महिलाओं का क्या कहना है?

आजतक से जुड़े रोशन के मुताबिक, सोसायटी के बाहर प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि जहां अखंड सिंह ने अपना ऑफिस बनाया है, वहां कभी सोसायटी का गेट हुआ करता था. महिलाओं का आरोप है कि कुछ समय पहले सोसायटी के बाहर सड़क का चौड़ीकरण हुआ था, जिसके चलते सोसायटी की बाउंड्री पीछे की गई. इसी दौरान गेट के पास कुछ जगह पर भाजपा नेता ने अवैध कब्जा कर अपना निजी ऑफिस बना डाला.

प्रदर्शन करने वाली डॉ. मीना सिंह ने कहा,

Advertisement

“2019 में सड़क के चौड़ीकरण के चलते कॉलोनी की बाउंड्री तोड़ी गई. बाउंड्री बनाने के लिए सोसायटी के सभी लोगों ने 20-20 हजार रुपए जुटाए. लेकिन जब बाउंड्री बन गई तो अखंड सिंह ने अंदर पार्टीशन कर दिया. साथ ही कहा कि यह सरकारी जमीन है. पहले अखंड सिंह ने बरगलाया था कि जमीन पर सोसायटी के लिए सुलभ शौचालय बनेगा, लेकिन बाद में उन्होंने अपना ऑफिस बना दिया. सोसायटी की जमीन को अपना बताते हुए निजी ऑफिस बना दिया है.”

वरुणा सोसायटी की महिलाएं विरोध प्रदर्शन करती हुईं

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने ये भी बताया कि अखंड सिंह महिलाओं का पीछा भी करवाते हैं. सोसायटी की महिलाएं इससे तंग आ गई हैं. अब उनका बाहर निकलना मुश्किल होता जा रहा है. सोसायटी की ही कल्पना ने बताया,

“यहां के लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है. हम लोग स्थानीय पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों, स्थानीय भाजपा विधायक और मंत्री रवींद्र जायसवाल के अलावा सीएम से भी शिकायत कर चुके हैं. लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. उस जमीन का माप 1080 स्क्वायर फीट है, जिस पर अखंड सिंह ने कब्जा कर रखा है.”

Advertisement
स्थानीय बीजेपी पार्षद ने भी माना कब्जा हुआ है

आजतक के रोशन जायसवाल के मुताबिक इलाके के भाजपा पार्षद दिनेश यादव ने भी माना कि कब्जा किया गया है. उन्होंने बताया,

“पहले कॉलोनी के बाहर की सड़क संकरी थी, लेकिन चौड़ीकरण का काम हुआ. सोसायटी के लोगों ने बाउंड्री कराई. जिसके बाद सोसायटी में रहने वाले अखंड सिंह द्वारा कब्जे की खबरें आने लगीं. सोसायटी के जिस हिस्से में कब्जा हुआ है, वहां पहले कभी गेट और गार्ड रूम हुआ करता था.”

BJP नेता अखंड सिंह का क्या कहना है?

बीजेपी नेता अखंड सिंह से जब इस मामले में जवाब मांगा गया तो उन्होंने मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से मना कर दिया. हालांकि, अखंड सिंह के बेटे शुभम सिंह ने आजतक से बात की. उन्होंने बताया कि जिस जमीन को लेकर विवाद है, वह आबादी की जमीन है. जिस पर वो 20 वर्षों से काबिज हैं. इसलिए आबादी की जमीन उनकी ही है. शुभम सिंह के मुताबिक जिस जमीन पर उन्होंने ऑफिस बनवाया है वह सोसायटी के नक्शे में नहीं आती है.

वीडियो देखें: श्रीकांत त्यागी मामले में बुलडोजर चलाकर क्या BJP ने असली निशाना साध लिया?

Advertisement