वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं (Stone Pelting Vande Bharat). ताजा मामला ओडिशा से सामने आया है. 26 नवंबर को चलती राउरकेला-भुवनेश्वर वंदे भारत एक्सप्रेस पर किसी ने पथराव कर दिया. घटना में एग्जीक्यूटिव क्लास के कोच की खिड़की का शीशा टूट गया. रेलवे का कहना है कि पथराव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं है.
अब ओडिशा में वंदे भारत पर पथराव, बाल-बाल बचे यात्री, क्या पता चला?
सूचना मिलते ही कटक से RPF के सहायक सुरक्षा आयुक्त मौके पर पहुंचे. लोकल पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई.


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पथराव की घटना ढेंकनाल-अंगुल रेलवे सेक्शन पर मेरामंडली और बुधपांक के बीच हुई. अधिकारियों के मुताबिक, घटना की सूचना ऑन-ड्यूटी रेलवे पुलिस फोर्स RPF एस्कॉर्टिंग स्टाफ ने दी. इसके बाद ईस्ट कोस्ट रेलवे जोन ECOR की सिक्योरिटी ब्रांच ने RPF और सरकारी रेलवे पुलिस GRP को अलर्ट किया. सूचना मिलते ही कटक से RPF के सहायक सुरक्षा आयुक्त मौके पर पहुंचे. लोकल पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई.

ये भी पढ़ें- ट्रेन पर हुई पत्थरबाजी में घायल हुई थी महिला, धरे गए आरोपियों ने क्या खुलासा किया?
इससे पहले, पिछले महीने ही खबर आई थी कि किसी ने पटरी पर पत्थर फंसाकर उदयपुर-जयपुर वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन को डीरेल यानी पलटाने तक की कोशिश की. रेलवे कर्मचारियों की सूझबूझ से ट्रेन के साथ होने वाला एक बड़ा हादसा टल गया. देश के अलग-अलग हिस्सों से वंदे भारत पर पत्थर फेंकने के कई मामले सामने आ चुके हैं. राहत की बात है कि अब तक ऐसी घटनाओं में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है.
ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भारतीय रेलवे रेल लाइनों के आसपास रहने वाले लोगों को ट्रेनों पर पत्थर न फेंकने को लेकर शिक्षित करने के लिए लगातार अभियान चला रही है. इन कोशिशों के बावजूद ट्रेन पर पथराव की घटनाएं होती रहती हैं.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद के मानसून सत्र के दौरान वंदे भारत ट्रेन से जुड़े मामलों के हैरान कर देने वाला आंकड़ें साझा किए थे. उन्होंने बताया थाा कि 2019 के बाद से वंदे भारत ट्रेनों पर पथराव के चलते रेलवे को 55 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हो चुका है. आगे बताया कि अब तक पथराव के मामले में शामिल 151 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. तब से ये आंकड़ें और बढ़ गए हैं.
वीडियो: पटरियों पर ऐसे फंसाए पत्थर, वंदे भारत पलटाने का ये प्लान सामने आया

















