उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर (Kanpur) में पिटबुल (Pitbull), अमेरिकन बुली (American Bully) और रॉटवाइलर (Rottweiler) जैसे कुत्तों पर बैन लग गया है. कानपुर नगर निगम ने इसके लिए एक प्रस्ताव पारित किया है. इस प्रस्ताव में साफ़ तौर पर लिखा है कि अगर किसी के पास इन नस्लों का कुत्ता है, तो उसे एक एफिडेविट देना होगा. अगर यह कुत्ता किसी को काट लेता है, तो उसके मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा.
गाय का जबड़ा चबाया था, कानपुर के नगर निगम ने पिटबुल को बैन कर दिया
पिटबुल के साथ-साथ अमेरिकन बुली और रॉटवाइलर भी बैन. कुत्ते के काटने पर मालिक पर तुरंत होगी FIR.


आजतक से जुड़े सिमर चावला की रिपोर्ट के मुताबिक, कानपुर की मेयर प्रमिला पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि कुत्ते के काटने की स्थिति में नगर निगम खुद उसके मालिक पर केस दर्ज कराएगा. साथ ही कुत्ते के मालिक पर 5 हजार रुपये का जुर्माना और उसके कुत्ते को नगर निगम अपनी कस्टडी में ले लेगा.
मेयर प्रमिला पांडे ने आगे कहा,
नगर निगम को नहीं पता कितने कुत्तेपिटबुल, अमेरिकन बुली और रॉटवाइलर जैसे खतरनाक कुत्तों को पहले लोग बड़ी जगहों पर बड़े बंगलों पर और अपने फार्म हाउस पर पाला करते थे. लेकिन, अब इन्हें छोटे-छोटे घरों में पाला जा रहा है. कानपुर में जिस पिटबुल ने गाय के मुंह को काटा था, उसका मालिक भी अपने कुत्ते को छोटे से कमरे में पाल रहा था.
रिपोर्ट के मुताबिक, कानपुर नगर निगम ने आनन-फानन में कुत्तों पर बैन को लेकर आदेश तो पारित कर दिया है. लेकिन, उसके पास ऐसा कोई भी डाटा नहीं है, जिससे ये पता लगाया जा सके कि शहर में कितने आवारा कुत्ते गलियों में घूम रहे हैं. कितने परिवारों ने कुत्तों को पाल रखा है, इसके बारे में भी निगम के पास कोई डाटा नहीं है.
जानकारी के मुताबिक, कानपुर में अब तक 750 कुत्तों का रजिस्ट्रेशन लोगों ने कराया है. लेकिन, ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि शहर में करीब 10 हजार के करीब कुत्ते लोगों के घरों में पल रहे हैं. ऐसे में यह पता लगाना बेहद मुश्किल होगा कि पिटबुल, अमेरिकन बुली और रॉटवाइलर जैसे कुत्तों को कहां-कहां पाला जा रहा है.
पिछले दिनों लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद और कानपुर में पिटबुल और रॉटवाइलर के हमले की कई घटनाएं सामने आई थीं. बीते जुलाई में लखनऊ में पिटबुल ने अपनी मालकिन को मार डाला था. 9 सितंबर को गाजियाबाद में एक पिटबुल ने 11 साल के बच्चे को अपना शिकार बनाया था. बच्चे को 150 टांके लगाने पड़े. गाजियाबाद की ही आदित्य वर्ल्ड सिटी सोसाइटी में रॉटवाइलर ने एक व्यक्ति को बुरी तरह काटा और 20 मीटर तक घसीट ले गया. उधर, 22 सितंबर को कानपुर में एक पिटबुल ने गाय पर हमला कर दिया. उसने गाय के मुंह को अपने जबड़े से इस तरह दबोचा कि काफी मशक्क्त के बाद लोग गाय को कुत्ते से छुड़ा पाए.
वीडियो देखें : किन देशों में पिटबुल पालने पर बैन, भारत में क्या स्थिति?






















