लखनऊ (Lucknow) नगर निगम के चीफ इंजीनियर पर आगरा के एक पब्लिकेशन हाउस से करोड़ों रुपये की उगाही का आरोप लगा है. मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के एक नेता पर भी आरोप लगा है कि उसने उगाही के लिए डराया-धमकाया. चीफ इंजीनियर और BJYM नेता दोनों के खिलाफ आगरा के हरि पर्वत थाने में FIR दर्ज कराई गई है. ये केस आगरा के रतन प्रकाशन मंदिर के मालिकों में से एक रवि जैन ने दर्ज कराया है. यूपी में चर्चित विकास गाइड बुक को रतन प्रकाशन मंदिर की तरफ से ही छापा जाता है.
लखनऊ नगर निगम के चीफ इंजीनियर पर करोड़ों की उगाही का आरोप, BJYM नेता पर भी FIR
आगरा के एक पब्लिकेशन हाउस ने आरोप लगाया है कि इंजीनियर ने BJYM नेता से रंगदारी के लिए धमकी दिलवाई.


आजतक से जुड़े अरविंद शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, रवि जैन ने नगर निगम के इंजीनियर संजय कटियार और BJYM नेता अमित सिंह के खिलाफ डराने-धमकाने, जान से मारने की धमकी देने और घर में घुसकर मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है. FIR के मुताबिक जब संजय कटियार आगरा निगम में थे, तो उन्होंने रवि जैन के बिजनेस में पैसे लगाए थे. रवि जैन के अनुसार ये तय हुआ था कटियार उनके बिजनेस में 65 लाख रुपये लगाएंगे और उसके बदले में 15 फीसदी सालाना की दर से उन्हें ब्याज दिया जाएगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायत में कहा गया है कि संजय कटियार ने अपने ससुराल वालों के पैसे लेकर रवि जैन के बिजनेस में 65 लाख रुपये का निवेश किया. रवि जैन के अकाउंट में पैसे जमा कराने के बाद कटियार ने अपनी पत्नी उपमा कटियार के खाते में 15 लाख रुपये जमा करने का दबाव बनाया. धमकी देने के बाद उसने BJYM नेता अमित सिंह को रंगदारी वसूलने के लिए भेज दिया.
रवि जैन का आरोप है कि अमित सिंह उनके ऑफिस आए. फिर कंपनी के बैंक अकाउंट के चेक और बैंक स्टेटमेंट से जुड़े कागजात लेकर चले गए. उन्होंने कहा कि अमित सिंह ने उनके स्टाफ को धमकी भी दी. FIR में एक बड़ा आरोप ये भी है कि धमकी देकर वसूले गए पैसों का इस्तेमाल संजय कटियार ने कानपुर में 151 करोड़ की जमीन और लखनऊ में 30 करोड़ रुपये की कोठी खरीदने में किया है.
इधर सिटी एसपी ने बताया कि रवि जैन की शिकायत पर पुलिस ने एक FIR दर्ज की है. मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी.
वहीं अमित सिंह अपने फेसबुक प्रोफाइल में खुद को कई हिंदू संगठनों से जुड़े बताते हैं. अमित सिंह ने अपने खिलाफ दर्ज केस को झूठा और गलत बताया है. उन्होंने मीडिया को एक पत्र लिखकर बताया है कि उनके ऊपर नाजायज दबाव बनाने के लिए मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने पुलिस से रवि जैन पर झूठा केस दर्ज करवाने को लेकर मानहानि की कार्रवाई करने की अपील की है.
वीडियो: लखनऊ का डुप्लीकेट सलमान खान रेलवे ट्रैक पर रील बना रहा था, केस हो गया



















