उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के आगरा (Agra) में पति के साथ मायके जा रही गर्भवती महिला को एक डंपर ने कुचल दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टक्कर की वजह से महिला ने बच्ची को जन्म दे दिया. नवजात बच्ची को आगरा के राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया है.
आगरा : गर्भवती महिला को डंपर ने कुचला, बच्ची पेट से बाहर आ गई, मां की मौत!
हादसे में जन्मी बच्ची छिटककर दूर गिरी और भरने लगी किलकारी


आजतक से जुड़े सुधीर शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरूवार, 21 जुलाई को ये घटना आगरा के धनौली गांव में घटी. 24 साल की कामिनी अपने पति रामकुमार के साथ बाइक से फिरोजाबाद के बरतरा गांव जा रही थी. धनौली गांव के पास ही बाईपास रोड पर जब ये लोग पहुंचे तो विपरीत दिशा से आ रही एक दूसरी मोटरसाइकिल ने रामकुमार की बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर पीछे बैठी कामिनी उछलकर सड़क पर बीचों-बीच जा गिरीं.
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार एक डंपर ने कामिनी के शरीर के ऊपरी हिस्से को कुचल दिया. शरीर का ऊपरी हिस्सा कुचलने के चलते निचले हिस्से पर दबाव बना और बीच सड़क पर कामिनी ने बच्ची को जन्म दे दिया. और शरीर पर डंपर चढ़ने की वजह से कामिनी की मौके पर ही मौत हो गई.
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह था कि कामिनी ने बच्ची को जन्म दिया, लेकिन अपनी बेटी का मुंह देखे बिना उसने दुनिया को अलविदा कह चुकी थी. सड़क पर हुए इस हादसे को जब लोगों ने देखा तो वो सिहर उठे, क्योंकि मां की मौत हो चुकी थी. वहीं पास में नवजात बच्ची किलकारी भर रही थी.
लोगों ने कामिनी की नवजात बच्ची को तत्काल ही राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया. कामिनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. कामिनी का पति रामकुमार को भी चोटें आयी हैं. उधर, पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और डंपर छोड़कर भागे चालक की तलाश की जा रही है.
आगरा में नवजात बच्ची का इलाज कर रहे मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एलके गुप्ता ने बताया कि बच्ची तुरंत अस्पताल आ गई थी. फिलहाल वह खतरे से बाहर है. उसे एनआईसीयू वार्ड में रखा गया है.
वीडियो देखें: अब गो फर्स्ट के विमान की विंडशील्ड हवा में टूटी, बीच रास्ते डाइवर्ड करना पड़ा




















