The Lallantop

12 लाख चुराए, इंडिया टूर पर निकला, इंस्टाग्राम पर किस गलती ने पुलिस की लॉटरी निकाल दी?

पहले सीसीटीवी, फिर इंस्टाग्राम ने पकड़वा दिया चोर को. दिल्ली पुलिस की तारीफ होनी चाहिए...

Advertisement
post-main-image
इंस्टाग्राम पर मशहूर होने की ख्वाहिश के चलते डकैती का आरोपी पकड़ा गया (तस्वीरःइंडिया टुडे)

दिल्ली के उत्तम नगर में दाल मिल रोड पर 11 जुलाई को एक चोरी हुई. चोरी 60 साल की एक बुजुर्ग महिला के घर पर हुई. आरोप है वहां काम करने वाले 29 साल के युवक संजीव पर. चोरी क्या हुआ? करीब 12 लाख रुपए के सोने के गहने. पुलिस ने FIR दर्ज की और आरोपी को तलाशने के लिए टीम बनाई. टीम ने घटनास्थल और उसके आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. एक फुटेज में आरोपी संजीव महिला के घर से जल्दी में निकलते हुए दिखा. पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि 11 जुलाई की घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी "कैप्री लोन" नाम की गोल्ड लोन देने वाली दुकान पर गया. उसने दो सोने की अंगूठी रहन पर रखी और उसके एवज में 20 हजार रुपए लिये. यहां तक खबर नहीं है. खबर का बैकग्राउंड है. खबर तो अरोपी के पकड़े जाने की है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

चचा गालिब पहले ही कह गए हैं.      

हज़ारों ख़्वाहिशें ऐसी कि हर ख़्वाहिश पे दम निकले 
बहुत निकले मिरे अरमान लेकिन फिर भी कम निकले…

Advertisement

एक ख्वाहिश आरोपी संजीव की भी थी और उसी ख्वाहिश ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. ढ़ंग से अरमान भी नहीं निकले थे कि प्लान का पलीता हो गया.

तो हुआ यूं कि गहनों को रहन रखकर जो पैसे आए, उससे संजीव ने यायावरी करनी चाही. अंग्रेजी में कहें तो सोलो ट्रिप. एक सप्ताह में आधा दर्जन से भी ज्यादा जगह घूम डालीं. घूमने में कोई समस्या नहीं हुई. समस्या हुई इंस्टाग्राम पर मशहूर होने की ख्वाहिश से. संजीव लगातार इंस्टाग्राम पर ट्रेवल वीडियो अपलोड कर रहा था. और इन्हीं वीडियो को देखते हुए पुलिस उसके पास पहुंची और संजीव सलाखों के पीछे पहुंचा.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी घटना के बाद सबसे पहले हरिद्वार गया, एक दिन वहां होटल में रहा. हरिद्वार के बाद ऋषिकेश में एक दिन रहा और फिर बद्रीनाथ में तीन-चार दिन ठहरा. बद्रीनाथ के बाद वह चमोली जिले के माणा गया. इस दौरान उसने ट्रेन और बस से सफर किया. उत्तराखंड के बाद संजीव ने दक्षिण का रुख किया और हवाई जहाज से केरल के कप्पम पहुंचा.

Advertisement

इस सोलो ट्रिप के दौरान संजीव लगातार इंस्टाग्राम स्टोरी अपलोड कर रहा था. इंस्टाग्राम पर उसके केवल 100 फॉलोवर थे. वो इस 100 में कई ज़ीरो जोड़ना चाहता था. उसे ख्वाहिश थी कि इंस्टाग्राम उसे मशहूर कर देगा, पर हो कुछ और गया. कोई उसके वीडियो देख रहा हो या ना देख रहा हो पर दिल्ली पुलिस जबरा फैन बनी. उसकी हर वीडियो स्टोरी देखती रही. चूहे-बिल्ली का खेल जारी था. स्थानीय पुलिस और होटल वालों से उसे पकड़ने में मदद करने के लिए कहा जाता था, पर हर बार आखिरी कार्रवाई से पहले संजीव निकल जाता था.

केरल में संजीव ने इंस्टाग्राम पर अपने फॉलोवर्स को बताया कि वह काम के सिलसिले में दुबई निकलने वाला है. उसने एयरपोर्ट और जहाजों का वीडियो भी पोस्ट किया. लेकिन वो दुबई नहीं गया. उसने दक्षिण से उत्तर का रुख किया और आगरा आ गया. उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें वो ईदगाह रोड पर ई-रिक्शा में बैठा कहीं जा रहा है. दिल्ली पुलिस तो उसकी इंस्टा फैन थी ही. उसे तुरंत पता चल गया कि संजीव उनके पड़ोस में है. पुलिस ने देरी नहीं की और आगरा के लिए रवाना हो गई. ईदगाह इलाके में होटल खंगाले गए. सात-आठ होटल की तलाशी के बाद  संजीव एक होटल में आराम करते मिल गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आराम की जगह बदल गई. होटल की जगह जेल ने ले ली.  

(ये स्टोरी हमारे साथी अनुराग अनंत ने की है)      

वीडियो: 200 चोरी, 9 गिरफ्तारी! 25 साल तक चोरी कर करोड़पति बने आदमी की फ़िल्मी कहानी!

Advertisement