बिहार (Bihar) के पटना लॉ कॉलेज में एग्जाम देने आए एक छात्र की हत्या मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पटना पुलिस ने बताया कि इस मामले के मुख्य आरोपी को पकड़ लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. बता दें कि सोमवार, 27 मई को पटना लॉ कॉलेज में एग्जाम देने आए बीएन कॉलेज के छात्र हर्षराज की कुछ लोगों ने पिटाई की थी. घायल हर्षराज को इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पटना लॉ कॉलेज में छात्र हर्षराज की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने नाम बताया
पटना लॉ कॉलेज में 27 मई को एग्जाम देने आए बीएन कॉलेज के छात्र हर्षराज को कैंपस में ही कुछ लोगों ने इतना पीटा कि उनकी मौत हो गई.

पटना पुलिस ने 28 मई को बताया कि हर्षराज की हत्या के आरोपी की पहचान चंदन यादव के तौर पर हुई है. (ईस्ट) पटना के SP सिटी भरत सोनी ने बताया,
“27 मई को लॉ कॉलेज कैंपस में BN कॉलेज के विद्यार्थी हर्षराज को कुछ लोगों ने बुरी तरह पीटा था. बाद में छात्र की PMCH में मृत्यु हो गई. इस घटना की गंभीरता को देखते हुए एक SIT का गठन किया गया. इस कांड के एक मुख्य आरोपी, जिसकी साजिश से ये सारा कांड हुआ, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. उस आरोपी का नाम चंदन यादव है. ये खुद पटना कॉलेज में फाइनल ईयर का विद्यार्थी है.”
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी चंदन ने अपना अपराध स्वीकार किया है. अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है. उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है.
यहां पढ़ें- बिहार के पटना में एग्जाम देने आए छात्र को सेंटर के आगे ही इतना मारा कि जान चली गई
दूसरी तरफ दिनदहाड़े पटना लॉ कॉलेज के कैंपस में छात्र की हत्या को लेकर 28 मई को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों को सजा देने की मांग की गई. इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच झड़प होने की भी खबर आई. बताया गया कि पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया.
पुलिस का कहना है कि अभी हत्या की वजह पूरी तरह से साफ नहीं हुई है. लेकिन मृतक हर्षराज के दोस्तों और परिवार के मुताबिक हर्षराज सामाजिक तौर पर काफी एक्टिव थे. पिछले साल दशहरे पर हर्षराज ने एक कॉलेज फेस्ट कराया था, उसमें कुछ विवाद हुआ था. कहा जा रहा है कि हर्षराज को मारने का मामला इसी विवाद से जुड़ा हो सकता है. वहीं हर्षराज के चाचा ने बताया कि उनका भतीजा पॉलिटिक्स में एक्टिव था और छात्र संघ का चुनाव लड़ने वाला था. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
वीडियो: पटना वीमेंस कॉलेज की लड़कियों ने समाज पर ऐसे सवाल उठाए, सौरभ द्विवेदी चकित रह गए











