पब्लिक प्लेस पर पेशाब करने वालों को रोकने के लिए लंदन में प्रशासन ने अनोखा तरीका ढूंढा है. वहां की दीवारों पर एक खास पेशाब-रोधी पेंट लगाया जाएगा (Pee Repellant Paint London). ऐसा पेंट जिस पर पानी नहीं रुकता और बाउंस होकर बाहर की तरफ छलक जाता है. मतलब जैसे ही कोई पेंट लगी दीवार पर पेशाब करने की कोशिश केरगा, पेशाब की धार दीवार पर टकराकर उस पर ही गिरेगी.
इस दीवार पर सूसू मत करना, पूरा सूसू उछलकर तुम्हारे ऊपर ही गिरेगा!
कैसा लगेगा अपने सूसू में भींगकर?


ये खास पेंट लंदन के सोहो में लगभग एक दर्जन जगहों पर लगाया जा रहा है. बार, रेस्तरां, थिएटर और इस जगह की पब्लिक प्लेस पर जहां आमतौर पर लोग पेशाब करते हैं. एक स्थानीय पार्षद आइचा लेस मीडिया से बातचीत में बताते हैं कि ये पेंट वाकई बहुत असरदार है और आरोपियों को सबक सिखाने के लिए काफी है.
क्या है ये पेशाब रोधी पेंट?ये एक सुपरहाइड्रोफोबिक लिक्विड है. देखने में ये पारदर्शी होता है. लिक्विड को इस तरह से बनाया गया है कि इस पर पानी की एक बूंद भी नहीं टिक सकती. पेंट एक वॉटर रेपेलेंट लेयर बनाता है जिससे पेशाब करने वाले शख्स पर ही धार वापस उछले और वो भीग जाए. जाहिर है शख्स दीवार पर पेशाब करने से पहले कई बार सोचेगा.
फुटपाथ और दीवारों से पेशाब साफ करने में जो खर्चा आता है उसके मुकाबले ये पेंट काफी सस्ता है. निर्माताओं के मुताबिक, हर पेंट की तरह, इसे भी नियमित रूप से लगाने की जरूरत होगी. साल में कम से कम एक बार. सोशल मीडिया पर कुछ मीडिया चैनल ने वीडियो भी शेयर किए हैं.
लंदन में पेंट लगाने के साथ-साथ दीवारों पर एक क्यूआर कोड भी लगाया जाएगा. जिसे स्कैन करके आस-पास के पब्लिक शौचालयों को ढूंढने में मदद मिलेगी. NDTV के मुताबिक, सड़क पर पेशाब करने वालों को चेतावनी दी गई है कि अगर काउंसिल इंस्पेक्टर उन्हें पकड़ते हैं और तो उन्हें £150 यानि 15,070 रुपये का जुर्माना देना पड़ेगा. BBC के मुताबिक, लंदन के हैकनी में सार्वजनिक जगहों पर पेशाब से होने वाली गंदगी की सफाई के लिए हर साल करीब 1 लाख पाउंड यानि लगभग 87 लाख रुपये खर्च किए गए.
पहले अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भी इस पेंट का इस्तेमाल पब्लिक प्लेस में पेशाब करने वालों को रोकना के लिए किया गया है.
वीडियो: सोशल लिस्ट: प्लेन में यात्रियों पर पेशाब करने की बढ़ी हरकतें, बदलेगा अनाउंसमेंट का तरीका



















