ईरान पर अमेरिकी हमलों का विरोध कर रहे स्पेन ने एक और सख्त कदम उठाया है. उसने ईरान के खिलाफ युद्ध में शामिल अमेरिकी सैन्य विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है. इससे पहले स्पेन ने अमेरिका को ईरान के खिलाफ अपना एयरबेस इस्तेमाल करने से मना कर दिया था.
झुकने को तैयार नहीं स्पेन, अमेरिकी फाइटर जेट्स के लिए एयरस्पेस बंद किया
स्पेन ने ईरान के खिलाफ युद्ध में शामिल अमेरिकी विमानों को अपना एयरस्पेस इस्तेमाल करने से रोक दिया है. इससे पहले स्पेन ने अमेरिकी विमानों को अपना एयरबेस इस्तेमाल करने से मना किया था. स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले की खुलकर आलोचना की है.


अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेन की रक्षा मंत्री मार्गरीटा रोब्लेस ने पत्रकारों से बातचीत में एयरस्पेस बंद करने की जानकारी दी. उन्होंने कहा,
मेड्रिड अपना एयरस्पेस और सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ किसी भी सैन्य अभियान के लिए नहीं होने देगा. स्पेन ने शुरुआत में ही अमेरिकी सेना को ये स्पष्ट बता दिया था. मुझे लगता है कि हर कोई स्पेन का रुख जानता है. यह बहुत क्लियर है.
रक्षा मंत्री रोब्लेस ने ईरान पर किए गए अमेरिकी हमले को अवैध और अन्यायपूर्ण बताया है. इस फैसले के बाद अमेरिकी विमानों को अपना रास्ता बदलना पड़ेगा. हालांकि मानवीय मदद और इमरजेंसी वाली उड़ानों को छूट दी गई है. स्पेन के उप प्रधानमंत्री कार्लोस कुएर्पो ने भी एयरस्पेस बंद करने के फैसले का समर्थन किया है. उन्होंने कहा,
हम ऐसे युद्ध का साथ नहीं देना चाहते जो बिना किसी वजह के शुरू किया गया हो और कानून के खिलाफ हो.
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज पहले ही अमेरिका और इजरायल के सैन्य अभियान की आलोचना कर चुके हैं. वहीं स्पेन ने पिछले महीने ही अमेरिका को अपना एयरबेस इस्तेमाल करने से मना कर दिया था. स्पेन के इनकार करने के बाद साउथ स्पेन में स्थित रोटा और मोरोन एयरबेस से 15 अमेरिकी विमानों को लौटना पड़ा था.
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने स्पेन के इस फैसले की प्रतिक्रिया में उनके साथ व्यापार में कटौती की धमकी दी थी. लेकिन स्पेन अपने फैसले पर अडिग रहा. इस महीने की शुरुआत में युद्ध पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री सांचेज ने कहा,
मानवता की सबसे बड़ी आपदाएं इसी तरह शुरू होती हैं. दुनिया सैन्य संघर्षों और बमों से अपनी समस्याओं का समाधान नहीं कर सकती.
एक तरफ यूरोपीय यूनियन ने ईरान पर हुए हमले की निंदा किए बिना मिडिल ईस्ट में तनाव कम करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की थी. वहीं सांचेज के नेतृत्व वाली वामपंथी सरकार ईरान पर इजरायल और अमेरिकी हमले के खिलाफ यूरोप की सबसे मुखर आवाज साबित हुई है.
वीडियो: ईरान ने स्पेन के PM की तस्वीर के साथ मिसाइल क्यों दागी?






















