उत्तर प्रदेश के चित्रकूट (Chitrakoot) जिले के एक गांव में कानपुर से बारात पहुंची थी. शादी की रस्में निभाई जा रही थीं. लेकिन जयमाल के बाद ऐसा कुछ हुआ कि दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. दुल्हन ने कहा कि वो ऐसे परिवार में शादी नहीं कर सकती. अब सवाल ये कि शादी की रस्मों के दौरान वहां ऐसा क्या हुआ था. जानकारी के मुताबिक दूल्हा बार-बार दुल्हन के कमरे में जा रहा था. इससे दूल्हे के पिता नाराज हो गए. उन्होंने दूल्हे को थप्पड़ मार दिया. इतना ही नहीं, दूल्हे ने भी अपने पिता को थप्पड़ जड़ दिया. बाप-बेटे के बीच ये थप्पड़बाजी देखकर दुल्हन ने शादी से मना कर दिया.
दुल्हन के कमरे में बार-बार जा रहा था दूल्हा, गुस्से में पिता ने थप्पड़ मारा, फिर दुल्हन ने ये किया
पुलिसवाले भी कुछ नहीं कर पाए.


आजतक के संतोष बंसल के मुताबिक घटना चित्रकूट जनपद के कल्ला गांव की है. यहां रहने वाले शिवनाथ की बेटी की शादी कानपुर के बर्रा में रहने वाले रिटायर्ड एयरफोर्स जवान वासुदेव के बेटे अमित के साथ तय हुई थी. वासुदेव अपने बेटे की बारात लेकर लड़की के दरवाजे पहुंचे थे. जयमाल हुआ, फिर शादी की दूसरी रस्मों की तैयारी हो रही थी. लेकिन इस बीच दूल्हा बार-बार दुल्हन के कमरे में जा रहा था.
बताया जा रहा है कि उनके परिवार में शादी के 4-5 दिन बाद ही दुल्हन को उसके मायके विदा कर दिया जाता है. फिर लंबे समय के बाद ही दोबारा दुल्हन वापस अपने ससुराल आती है. रिपोर्ट के मुताबिक दूल्हा ऐसा नहीं चाहता था. इसलिए वो बार-बार दुल्हन से बात करने के लिए उसके कमरे में जा रहा था. ये देखकर दूल्हे के पिता ने उसे एक थप्पड़ लगा दिया. थप्पड़ खाने के बाद दूल्हे ने बिना कुछ सोचे अपने पिता को भी थप्पड़ मार दिया.
दूल्हे की इस हरकत पर दुल्हन ने कहा कि वो ऐसे परिवार में शादी नहीं कर सकती. दुल्हन के मुताबिक दूल्हा बार-बार उसके कमरे में आ रहा था और कह रहा था कि 1 साल तक उसकी विदाई नहीं होने देगा. उसे पढ़ाई पूरी करनी हो तो वो ससुराल में कानपुर से ही होगी, चित्रकूट से नहीं. इस बात को लेकर दुल्हन पहले ही परेशान थी.
इस बीच दूल्हे और उसके पिता के बीच थप्पड़बाजी देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. शादी की रस्में रोक दी गईं. शादी में हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और उनके नहीं मानने पर लेन-देन का समझौता कराया. दोनों पक्ष ने अपने-अपने खर्च लौटाने की बात कही और फिर बारात वापस लौट गई.
वीडियो: तैयार होकर कीचड़ से भरी सड़क पर क्यों आई दुल्हन?





















