The Lallantop

आवारा कुत्तों ने हमला किया, एक दिन एक भाई को, दूसरे दिन दूसरे भाई को नोच-नोचकर मार डाला

पहले भाई की मौत की जांच कर रहे पुलिसवाले ने दूसरे भाई को चिल्लाते सुना, फिर...

Advertisement
post-main-image
घटना के बाद MCD की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची (फोटो- ट्विटर अतुलकृषन)

दिल्ली में दो दिन के अंतराल में आवारा कुत्तों ने दो बच्चों पर हमला किया. कुत्तों के हमले की वजह से दोनों बच्चों की मौत हो गई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों बच्चे सगे भाई थे. एक की उम्र सात साल, तो छोटे भाई की उम्र पांच साल थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के मुताबिक घटना दिल्ली के वसंत कुंज इलाके की है. जहां पुलिस को शुक्रवार, 10 मार्च को सिंधी बस्ती से आनंद नाम के एक बच्चे की लापता होने की खबर मिली थी. आनंद सुबह करीब 10 बजे अपने किसी परिवार के सदस्य के घर जा रहा था. रास्ते में उसे आवारा कुत्तों ने काट लिया. पुलिस के मुताबिक जानकारी मिलते ही थाने से पुलिस फोर्स व बच्चे की मां उसकी तलाशी के लिए निकले थे. एक पुलिस अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया,

“शाम करीब पांच-छह बजे के करीब हमें बच्चे की लाश एक खाली प्लॉट के किनारे मिली. बच्चे के शरीर में कई घाव थे.”

Advertisement

अधिकारी ने आगे बताया कि इस मामले में हत्या की धाराओं के तहत वसंत कुंज थाने में मामला दर्ज कर लिया गया था. बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया था. अधिकारी ने आगे बताया,

“बच्चे के शरीर में घाव किसी जानवर के काटने के लग रहे थे. जिसके बाद हमने आस-पास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि पास के जंगल में कई आवारा कुत्ते घूमते हैं, ये कुत्ते बकरी और सुअर पर हमला करते है. इस इलाके की जांच फॉरेंसिक टीम और क्राइम टीम ने भी की.”

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने जानकारी दी कि आनंद के पूरे शरीर पर चोट के निशान थे. यहां तक FIR में बताया गया है कि जिस जगह से आनंद का शव बरामद किया गया था, वहां खून से सने कपड़ों के पास कुछ आवारा कुत्ते मौजूद थे.

Advertisement
दूसरे बच्चे को भी कुत्तों ने मारा

आनंद की मौत के बाद उसके छोटे भाई आदित्य की मौत की खबर भी सामने आई. 12 मार्च की सुबह 8 बजे आदित्य अपने कजिन भाई चंदन के साथ जंगल में शौच के लिए गया था. चंदन आदित्य से कुछ दूरी पर था. जब वो उस जगह पर लौटा जहां आदित्य था, उसने पाया कि आदित्य आवारा कुत्तों से घिरा है. जिसके बाद दोनों ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक वसंत कुंज पुलिस थाने के SI महेंद्र भी उसी वक्त वहां मौजूद थे. वो आनंद की मौत के मामले की जांच कर रहे थे. महेंद्र ने बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनी और पाया की आवारा कुत्तों ने आदित्य पर हमला किया है.

रिपोर्ट के मुताबिक महेंद्र आदित्य को तुरंत इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर ले गए. लेकिन इलाज के दौरान आदित्य की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक पांच-छह कुत्तों ने आदित्य पर हमला किया था. घटना के बाद दोनों भाइयों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने आवारा कुत्तों के हमले की जानकारी MCD को दी है. जिसके बाद MCD ने कार्रवाई करते हुए रविवार के दिन 8-9 कुत्तों को उस इलाके से उठाया है. 

वीडियो: जापानी महिला से बदतमीज़ी करने वाले पकड़े गए, पुलिस ने वीडियो पर क्या बताया?

Advertisement